टीईटी के दो उत्तर गलत, अभ्यर्थियों को मिलेंगे एक-एक नंबर
0 परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय ने जारी की संशोधित उत्तरमाला
इलाहाबाद। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की संशोधित उत्तरमाला सोमवार को जारी कर दी गई। परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय ने इसमें सिर्फ दो प्रश्नों को गलत माना है। प्राथमिक स्तर की परीक्षा में संस्कृत एवं उर्दू के एक-एक प्रश्न के चारों विकल्प में से एक भी सही नहीं था। अब इन प्रश्नों को जवाब देने वालों को समान रूप से एक-एक नंबर दिया जाएगा।
15 अक्तूबर को प्रदेश में हुई टीईटी में 9.67 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे। टीईटी के बाद परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय ने उत्तरमाला जारी कर अभ्यर्थियों से इस पर साक्ष्य समेत 23 अक्तूबर तक ऑनलाइन आपत्तियां मांगी थीं। अभ्यर्थियों ने कई प्रश्नों पर आपत्ति दर्ज कराई थीं, लेकिन इनमें से मात्र दो प्रश्नों के विकल्पों को गलत माना गया। विशेषज्ञों द्वारा आपत्तियों के निस्तारण के बाद परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय ने सोमवार को संशोधित उत्तरमाला जारी की। इसमें प्राथमिक स्तर की परीक्षा में संस्कृत एवं उर्दू के एक-एक प्रश्न को गलत माना। इन प्रश्नों के चार में एक भी विकल्प सही नहीं थे। सचिव डॉ.सुत्ता सिंह के मुताबिक आपत्तियों के निस्तारण के बाद कॉपियों के मूल्यांकन का काम तेजी से निपटाया जा रहा है।