अवैध कब्जे में लिप्त ग्राम प्रधानों के खिलाफ होगी कार्रवाई
0 समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने फर्जी एंट्री और अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई का दिया निर्देश
इलाहाबाद। ग्राम सभा की भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ मंडलायुक्त कठोर कार्रवाई का निर्देश दिया है। एंटी भूमाफिया अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए ग्राम सभा स्तर तक निगरानी करने को कहा। मंडलायुक्त डॉ. आशीष कुमार गोयल ने जिलाधिकारियों एवं मुख्य विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम सभा की जमीन पर अतिक्रमण की सूचना मिलने पर इसके लिए ग्राम प्रधान को जिम्मेदार ठहराया जाए। प्रकरण के दौरान ग्राम प्रधान के लिप्त पाए जाने पर उसके खिलाफ 95 जीजी पंचायती राज अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाए। लेखपालों की बैठक बुलाकर एक नियत समय में अभिलेख में फर्जी एंट्री की सूचनाओं की जांच करवाएं।
मण्डलायुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि लेखपाल द्वारा अभिलेख संबंधी जांच पूर्णकर लिए जाने का प्रमाण पत्र निर्गत कर दिए जाने के बाद यदि कोई फर्जी इन्दराज पाया जाता है तो इसे लेखपाल द्वारा संलिप्तता की श्रेणी में माना जायेगा तथा उस पर कड़ी कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान के कार्यों की समीक्षा करने के साथ सार्वजनिक स्थानों पर अच्छे शौचालय की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। स्कूलों में टायलेट की व्यवस्था तथा उसमें टाईल्स लगाये जाने के पूर्व अपने निर्गत निर्देशों की समीक्षा की। ओडीएफ के कार्यों की समीक्षा करते हए उन्होंने मंडल के सभी जनपदों को दो अक्टूबर तक एक हजार गांव ओडीएफ किए जाने का लक्ष्य रखा है। प्रधानमंत्री आवास योजना में मंडल के सभी भूमिहीनों को चिन्हित कर आवास दिये जाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी निर्देश दिया कि इस कार्य को औपचारिकता से न लेते हुए सामाजिक कार्य समझ कर पूरा करें।