कर्जमाफी वाले किसानों की आज आ जाएगी पहली लिस्ट
0 जिले में तकरीबन 38 हजार किसानों ने खाता से कराया है आधार लिंक
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। कर्ज के बोझ से किसानों को मुक्ति मिलने जा रही है। कर्जमाफी योजना का लाभ पाने वाले किसानों की पहली सूची मंगलवार को जारी हो जाएगी। इसमें खाता से आधार नंबर लिंक कराने वाले जिले के तकरीबन 38 हजार किसानों के नाम शामिल होने की उम्मीद है। हालांकि, किसानों के खाता में कर्ज की राशि डालने का क्रम 16 अगस्त से ही हो जाएगा लेकिन सिर्फ लखनऊ में। यहां के किसानों के खाता में पैसा 10 सितंबर तक पहुंचने की उम्मीद है।
अपर मुख्य सचिव ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से ऋण मोचन योजना की प्रगति की बाबत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लाभार्थी किसानों की सूची अपलोड कर दी गई है। पहले चरण में खाता से आधार कार्ड लिंक कराने वाले किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। दूसरे चरण में नए सिरे से आधार कार्ड बनवाकर उनके नंबर लिंक किए जाएंगे। फिर उन्हें इस योजना का लाभ दिया जाएगा। तीसरे चरण में आधार कार्ड न बनवाने वाले किसानों को जिला कमेटी की जांच के बाद इस योजना में शामिल किया जाएगा। इसी क्रम में मंगलवार को पहले चरण में कर्जमाफी का लाभ पाने वाले किसानों की सूची जारी की जाएगी। इलाहाबाद में तकरीबन एक लाख लघु और सीमांत किसानों को ऋण मोचन योजना का लाभ मिलना है। एलडीएम रामजी ने बताया कि इनमें से तकरीबन 38 फीसदी किसानों का आधार नंबर भी खाता से लिंक हो गया है। सूची में इन सभी किसानों का नाम शामिल होने की उम्मीद है। जिला स्तरीय कमेटी 12 अगस्त तक सूची सत्यापन करेगी। इसके बाद उनके खाता में पैसा डालने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।