मेडिकल स्टोरों पर छापा, सवा लाख की दवाएं सीज
- बिना लाइसेंस बेच रहे थे दवा, एफआईआर, एक संचालक गिरफ्तार
- ड्रग कमिश्नर के निर्देश पर कार्रवाई, सोरांव इलाके में मचा हड़कंप
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
ड्रग कमिश्नर के निर्देश पर शुक्रवार को सोरांव इलाके में अलग-अलग कार्रवाई कर बिना लाइसेंस दवा का कारोबार कर रहे दो मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा। सेवइत से करीब एक लाख और हाजीगंज से 25 हजार की दवाएं सीजकर संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। एक दवा विक्रेता कमलेश को पुलिस ने गिरफ्तार किया, जबकि दूसरा भाग निकला। दोनों मेडिकल स्टोर भी सील कर दिए गए। इस कार्रवाई से गंगापार इलाके में हड़कंप मचा रहा। मेडिकल स्टोर वाले ताला लगाकर भाग निकले।
ड्रग इंसपेक्टर मुकेश जैन व गोविंद गुप्ता ने शुक्रवार को सोरांव पुलिस को साथ लेकर कार्रवाई सेवइत से शुरू की। यहां रोहित मेडिकल स्टोर पर छापा मारा गया। संचालक कमलेश के पास दवा बेचने का लाइसेंस नहीं था। मेडिकल स्टोर से करीब एक लाख की दवा सीज कर थाने में जमा कराई गईं। संचालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। टीम सदस्यों ने इसके बाद हाजीगंज में छापेमारी शुरू की तो एसके पॉली क्लीनिक का संचालक भाग निकला। वहां मौजूद कर्मचारी लाइसेंस नहीं दिखा सका। अफसरों ने यहां से करीब 25 हजार की दवाएं सीज कर दीं। दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। ड्रग इंसपेक्टरों ने बताया कि बिना लाइसेंस दवा बिक्री कर लोगों की सेहत से खिलवाड़ किए जाने की शिकायतें थीं। कार्रवाई अन्य इलाकों में जारी रहेगी।