जिले में बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत 120 प्रतिमाओं का जीर्णोद्धार किया जाएगा। प्रत्येक मूर्ति पर दस लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। बृहस्पतिवार को सभी विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक मूर्ति स्थल पर शिलान्यास और पूजन आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोगों को संबोधित करेंगे।
बुधवार दोपहर बाद आनन-फानन में सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए स्थान चयनित किए गए। संबंधित विधानसभा क्षेत्र के विधायक को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। हालांकि, समाजवादी पार्टी के चार विधायकों को इस कार्यक्रम की सूचना नहीं दी गई। जिसका सपा विधायकों ने कड़ा विरोध जताया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर पटेल ने बताया कि बीआर आंबेडकर के सामाजिक योगदान को देखते हुए यह कार्य हो रहा है। मुख्यमंत्री प्रदेश में विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इस पर लोक भवन से मुख्यमंत्री का सजीव प्रसारण दिखाया जाएगा। जिला विकास अधिकारी गोपाल कुशवाहा के अनुसार जिले में 120 प्रतिमाओं का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसमें मूर्ति की रंगाई-पुताई, स्थल विकास, लाइट, पार्क आदि पर धन खर्च किया जाना है। अगर मूर्ति का कोई अंग कभी का टूटा हैं तो नई मूर्ति लगाई जाएगी। समाज कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग यादव ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को ससम्मान आमंत्रित करने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद सपा विधायकों को नहीं बुलाया गया। सपा विधायक संदीप पटेल ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आने पर भाजपा को आंबेडकर की मूर्ति जीर्णोद्धार की याद आई। सपा विधायक गीता शास्त्री ने भी कहा कि सपा विधायकों को हर कार्यक्रम से वंचित किया जाता है। रमाशंकर पटेल के अनुसार, बाबा साहेब की प्रतिमाओं के जीर्णोद्धार का कार्य उनके सामाजिक योगदान को देखते हुए किया जा रहा है। वहीं हाईकोर्ट चौराहा व बैरहना में शिलान्यास होगा। फाफामऊ के आदमपुर, मेजा के रामनगर, हंडिया के शंकरपुर सकरा, फूलपुर के चंदोहा, कोरांव के कटरा दयाराम और प्रतापपुर के पिलखीनी में कार्यक्रम होंगे।