प्रयागराज। बेली कॉलोनी के रहने वाले 12 वर्षीय अर्थव पुत्र वागीश द्विवेदी की कोल्ड शॉक से मौत हो गई। वह दोपहर करीब 11 बजे के आसपास अपने घर से पतंग लेने के लिए निकला था। थोड़ी देर बार परिजनों को पता चला कि वह गिरा पड़ा है। आननफानन उसे बेली अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे छावनी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। बच्चे ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
छावनी अस्पताल के निदेशक डॉ. एसके पांडेय ने बताया कि मौत ठंड के कारण हुई है। वहीं, इकलौते बेटे की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। मां बिंदु द्विवेदी बार-बार बेसुध हो जा रहीं हैं। परिजनों के अलावा पड़ोस के लोगों की आंखें भी नम हैं। पेशे से वेदपाठी वागीश द्विवेदी ने बताया कि दिल्ली पब्लिक स्कूल में कक्षा छह के छात्र अर्थव ने 15 दिन पहले हुई एक प्रतियोगिता में श्रीमद्भागवत गीता के 15 श्लोक सुनाए थे। जिसमें उसे पुरस्कृत भी किया गया था। वागीश के दो बच्चे हैं, जिसमें बड़ी बेटी साक्षी है। जो मैरी वानामेकर की छात्रा है। संवाद