रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर मेजा के लोहारी गांव के तीन लोगों ने युवती से 12 लाख रुपये ठग लिए। युवती को जूनियर क्लर्क (टाइपिंग) का फर्जी ज्वॉइनिंग लेटर भी थमा दिया। आरोपियों ने उसे दिल्ली स्थित विभाग के दफ्तर में पहुंचकर ज्वॉइन करने का झांसा दिया।
दिल्ली पहुंचने पर युवती को बायोमीट्रिक जांच का हवाला देते हुए वह मौके से फरार हो गए। जब युवती दफ्तर में ज्वॉइनिंग लेटर लेकर पहुंची तो उसे फर्जी बताया गया। जिसके बाद उसने तीन लोगों के खिलाफ रविवार को एफआईआर दर्ज कराई है। मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
संत रविदास नगर भदोही के कोइरवना थाना क्षेत्र के परसनी गांव की स्वाति का आरोप है कि रेलवे विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर मेजा के लोहारी गांव के शिवकुमार, दयानंद और विवेकानंद ने 12 लाख रुपये लिए थे। इतना ही नहीं फर्जी ज्वॉइनिंग लेटर भी दे दिया गया।
ज्वॉइनिंग लेटर लेकर दिल्ली स्थित रेल विभाग के दफ्तर पहुंची तो आरोपियों ने बायोमीट्रिक जांच की बात कहते हुए उसे दफ्तर के अंदर भेज दिया और फरार हो गए। अंदर जाने पर उसे फर्जीवाड़े की जानकारी हुई। बताया गया कि उसे कूचरचित ज्वॉइनिंग लेटर थमा दिया गया है।
यह सुनते ही स्वाति के होश उड़ गए। इसके बाद उसने कई बार रुपये मांगे लेकिन आरोपी आनाकानी करते रहे। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई। रविवार को पीड़िता ने मेजा थाने में मामले में नामजद एफआईआर दर्ज कराकर न्याय की गुहार लगाई है।
मेजा थाने के इंस्पेक्टर दीनदयाल सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा करके कूटरचित रेलवे ज्वॉइनिंग लेटर देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले की जांच सिरसा चौकी इंचार्ज अनिल पांडेय को को सौंपी गई है।