लूकरगंज-जार्ज टाउन में आठ घंटे बिजली आपूर्ति ठप
क्रासर
अंडरग्राउंड केबल दोनों लाइन में फाल्ट आने से बेपटरी हुई लूकरगंज की सप्लाई
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। ओवरलोडिंग और फाल्ट से शुक्रवार को शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बेपटरी हो गई। जार्ज टाउन में फीडर लाइन में ट्रिपिंग के बाद लगातार पांच घंटे तक सप्लाई बाधित रहने से भीषण गर्मी में हाहाकार मच गया। बिजली न होने से घरों में पानी भी नहीं आ सका। उधर, लूकरगंज में भी केबल कटने से दिन भर बिजली आपूर्ति ठप रही। करेलाबाग व करेली के अलावा कीडगंज में कई बार ट्रिपिंग हुई और लोग बिन बिजली परेशान होते रहे।
जार्ज टाउन में सुबह पांच बजे ही बिजली गुल हो गई। इससे सबमर्सिबल पंप तक नहीं चलाए जा सके। पानी न होने से कामकाजी लोगों को दफ्तर के लिए तैयारी करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिन के करीब 11 बजे फाल्ट दुरुस्त होने पर यहां आपूर्ति शुरू हुई। फिर कुछ देर बाद ही पेड़ की कटाई के लिए शट डाउन ले लिया गया। इससे शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही और लोग पसीना पोछते रहे। इसी तरह कल्याणी देवी डिवीजन में खुसरोबाग से जुड़े लूकरगंज फीडर लाइन पर पाहूजा ट्रांसफारमर के पास 33 केवी क्षमता की अंडरग्राउंड केबल में फाल्ट आ गया। इससे सुबह छह बजे लूकरगंज समेत आसपास के कई इलाकों की आपूर्ति ठप हो गई। एक्सईएन एलपी चक्रवेदी के निर्देश पर कर्मियों ने दोपहर 2:30 बडजे फाल्ट ढूंढकर मरम्मत की, लेकिन तीन बजे की क्षमता की दूसरी लाइन के केबल में भी फाल्ट आ गया। बिजली विभाग के कर्मियों की लंबी मशक्कत के बाद रात आठ बजे इस फीडर पर आपूर्ति सामान्य हो सकी।
इनसेट
प्राइम वन कंपनी प्रबंधन को एक्सईएन ने दी चेतावनी
प्रयागराज। रामबाग फीडर पर ब्रेक डाउन से बुधवार की रात आजाद नगर की बिजली आपूर्ति रात भर ठप होने के मामले को एक्सईएन यदुनाथ राम ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने इसके लिए जिम्मेदार मेसर्स प्राइम वन वर्कफोर्स को चेतावनी पत्र जारी किया है। एक्सईएन ने जांच रिपोर्ट के आधार पर कंपनी के प्रबंधन को लिखा है कि उस रात ब्रेक डाउन के बाद रात्रिकालीन गैंग सामान्य पाली के कर्मियों के आने के पहले ही उपकेंद्र छोड़कर चली गई थी। इस वजह से फाल्ट नहीं बन सका और आजादनगर के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भविष्य में आवश्यक सेवाओं में बाधा उत्पन्न करने पर कंपनी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।