सीएवी की 150वीं वर्षगांठ पर समारोह कल से
0 साल भर चलेगा समारोह, तैयार हुई कार्यक्रमों की रूपरेखा
0 वर्ष 1869 में संस्कृत पाठशाला के रूप में हुई थी स्थापना
प्रयागराज। सीएवी इंटर कॉलेज की 150वीं वर्षगांठ पर 11 फरवरी से समारोह की शुरुआत होने जा रही है। समारोह साल भर चलेगा और इस दौरान आयोजित किए जाने वाले विविधि कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
150वीं वर्षगांठ समारोह का उद्घाट सोमवार को अपराह्न 3.30 बजे स्कूल परिसर में होगा। मुख्य अतिथि पश्चिम बंगाल के गवर्नर केशरी नाथ त्रिपाठी होंगे। वर्षगांठ समारोह के दौरान फरवरी से दिसंबर तक कला प्रतियोगिता, अभिभावक सम्मेलन, निबंध प्रतियोगिता, शिक्षक दिवस, विज्ञान प्रदर्शनी, बाल मेला, वार्षिक खेलकूद, वाद विवाद प्रतियोगिता जैसे आयोजन किए जाएंगे। समापन समारोह पांच, छह एवं सात दिसंबर को होगा। सीएवी इंटर कॉलेज की स्थापना वर्ष 1869 में एक संस्कृत पाठशाला के रूप में हुई थी।
प्रारंभ में यह संस्था लोकनाथ मुहल्ले में थी। कुछ दिनों बाद वहां से पान दरीबा शाहगंज और फिर शहर कोतवाली के सामने शिफ्ट हो गई और वर्ष 1915 में यह संस्था अपने वर्तमान भवन में आई। कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. त्रिभुवन प्रसाद पाठक ने बताया कि इस संस्था के संस्थापक पंडित शिव राखन शुक्ला थे, जो बरेली के रहने वाले थे। 1870 में यह संस्था इलाहाबाद लिट्रेसी सोसाइटी के प्रबंधन के तहत कर दी गई। इसी सोसाइटी के प्रयत्नों से म्योर कॉलेज, इलाहाबाद स्थापित हुआ जो बाद में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के रूप में विकसित हुआ।