सभी केंद्र (संशोधित)
0000000000000000000000000000
लोअर सबऑर्डिनेट के कई पदों पर भर्ती अटकी
0 बदले नाम, नए कलेवर में परीक्षा कराने की तैयारी
0 कुछ पद पीसीएस में शामिल कर मांगे गए हैं आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। लोअर सबऑर्डिनेट के कुछ पद पीसीएस में शामिल कर लिए गए हैं और पीसीएस-2018 के विज्ञापन में इन पदों के लिए आवेदन भी मांग लिए गए हैं, लेकिन बाकी पदों पर भर्ती अटकी हुई है। इस बार लोअर सबऑर्डिनेट परीक्षा को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने अपने कैलेंडर में भी शामिल नहीं किया है। अभ्यर्थी परीक्षा के इंतजार में बैठे हैं और आयोग ने अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं की है। हालांकि, आयोग अब लोअर के बाकी पदों की परीक्षा बदले हुए नाम और नए कलेवर में कराने की तैयारी में है।
अधिशासी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, मार्केटिंग इंस्पेक्टर, सप्लाई इंस्पेक्टर, सहकारी निरीक्षक, आमोद एवं प्रमोद निरीक्षक, कर अधिकारी पंचायती राज, प्रशासनिक अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, डिप्टी जेलर, उद्यान निरीक्षक समेत कई पदों पर अब तक लोअर सबऑर्डिनेट की परीक्षा के माध्यम से भर्ती की जाती थी। आयोग इनमें से आधा दर्जन पदों को अब पीसीएस में शामिल कर चुका है। वहीं, लोअर के तमाम पद ऐसे हैं, जिन्हें पीसीएस में शामिल नहीं किया गया है। बाकी पदों पर भर्तियां होनी हैं, लेकिन भर्ती प्रक्रिया कब शुरू होगी, आयोग ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है। भर्ती परीक्षाओं के कैलेंडर में लोअर सबऑर्डिनेट को जगह न दिए जाने के कारण अभ्यर्थियों के बीच परीक्षा को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। अभ्यर्थी जानना चाहते हैं कि इन पदों पर भर्ती होगी या नहीं। अगर भर्ती होगी तो आयोग परीक्षा का आयोजन कब करेगा।
लोअर के जो पद पीसीएस में शामिल नहीं किए गए हैं, जल्द ही उनके लिए भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। नए नाम और नए कलेवर से परीक्षा कराए जाने की तैयारी है। आयोग में इस पर विचार चल रहा है। जल्द ही कोई निर्णय लिया जाएगा। -जगदीश, सचिव, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग