सीबीआई को मिले सुराग, दोबारा आ रही टीम
- डाटा के प्रारंभिक विश्लेषण में गड़बड़ी मिलने की सूचना
- 20 को कैंप कार्यालय में प्रतियोगियों से साक्ष्य लेंगे अफसर
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के गोपनीय एवं अन्य विभागों में कंप्यूटरों से प्राप्त डाटा के प्रारंभिक विश्लेषण में सीबीआई के हाथ कुछ सुराग लगे हैं। सीबीआई की टीम इलाहाबाद दोबारा आ रही है। मंगलवार को सीबीआई के अफसर गोविंदपुर में सिंचाई डाक बंगला स्थित कैंप कार्यालय में प्रतियोगियों से मुलाकात भी करेंगे। सुरागों के आधार पर सीबीआई की टीम आयोग के कुछ कर्मचारियों से पूछताछ करने की तैयारी में है। वहीं, आयोग में भी गतिविधियां अचानक तेज हो गई हैं और कागजी दस्तावेज इकट्ठा किए जा रहे हैं।
इस माह के पहले हफ्ते में सीबीआई की फोरेंसिक टीम ने एक आयोग के गोपनीय एवं अन्य विभागों में लगे कंप्यूटरों को स्कैन किया था। कंप्यूटरों की हार्ड डिस्क में भर्ती परीक्षाओं से संबंधित स्टोर डाटा आधुनिक फ्रेड मशीन में ट्रांसफर किया जा चुका है और सीबीआई अब इसी डाटा का विश्लेषण कर रही है। सूत्रों का कहना है कि प्रारंभिक विश्लेषण में ही सीबीआई को कुछ संदिग्ध डाटा मिले हैं, जो भर्ती परीक्षाओं में सीधे गड़बड़ी की ओर से इशारा कर रहे हैं। इस आधार पर जांच को आगे बढ़ाने के लिए सीबीआई के एसपी राजीव रंजन और उनकी टीम सोमवार तक इलाहाबाद पहुंच जाएगी।