प्रवक्ता स्क्रीनिंग परीक्षा कर परिणाम जारी
0 उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को 31 विषयों में 355 पदों के लिए करनी है भर्ती
0 एक सीट के लिए आठ गुना अभ्यर्थियों से मांगे जाएंगे अभिलेख, इंटरव्यू में तीन गुना बुलाए जाएंगे
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता स्क्रीनिंग परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया। इस परिणाम का अभ्यर्थियों को ढाई साल से इंतजार था। जल्द ही आयोग की ओर से प्रत्येक प्रत्येक सीट के लिए आठ गुना अभ्यर्थियों से अभिलेख मांगे जाएंगे और उनके परीक्षण के बाद प्रत्येक पद पर तीन गुना अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।
राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता पद के लिए नौ मई 2015 को हुई स्क्रीनिंग परीक्षा में 12550 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा का परिणाम ढाई वर्षों तक अटका रहा। शुक्रवार को परिणाम जारी कर दिया गया। इसके तहत राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता के 335 पदों के लिए भर्ती की जानी है। यह भर्ती 31 विषयों में की जानी है। परिणाम जारी किए जाने के बाद अब प्रत्येक विषय में पदों की संख्या के मुकाबले सूची में ऊपर से शामिल संबंधित विषय अभ्यर्थियों से शैक्षणिक अभिलेख मांगे जाएंगे। पदों के मुकाबले आठ गुना अभ्यर्थियों से अभिलेख मांगे जाएंगे और उनका परीक्षण किया जाएगा। शैक्षिक योग्यता के आधार पर उनमें से अभ्यर्थियों की छंटनी की जाएगी और इसके बाद इंटरव्यू में पदों की संख्या के मुकाबले तीन गुना अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया जाएगा। इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग की ओर से अंतिम चयन का परिणाम जारी किया जाएगा।
दो अन्य परिणाम भी घोषित
- उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने शुक्रवार को दो अन्य परीक्षाओं के परिणाम भी घोषित कर दिए। प्राविधिक शिक्षा विभाग के तहत प्रधानाचार्य राजकीय चर्म संस्थान के दो पदों पर ऋचा एवं सैयद हसन अब्बास और राजकीय यूनानी महाविद्यालयों में प्रोफेसर मोआलेजात के एक पद पर मोहम्मद शाहिद को अंतिम रूप से चयनित घोषित किया गया।