कुंभ में तीन जोनल रेलवे के लिए अब एक नोडल अफसर
0 एनसीआर के एजीएम को रेलवे बोर्ड ने दी जिम्मेदारी, रखेंगे निगरानी
0 झूंसी, प्रयाग, दारागंज, रामबाग के कार्यों की भी एक ही जगह से होगी मानीटरिंग
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
वर्ष 2019 की शुरुआत में लगने वाले कुंभ मेले के लिए रेलवे ने एक नोडल अफसर तैनात कर दिया है। यह जिम्मेदारी उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के अपर महाप्रबंधक (एजीएम) अरुण मलिक को दी गई है। रेलवे बोर्ड की ओर से इस संबंध में उत्तर मध्य रेलवे, उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र जारी कर दिए गए हैं।
दरअसल, इलाहाबाद में उत्तर मध्य रेलवे के अलावा उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे के भी स्टेशन हैं। इन तीनों ही जोनल रेलवे के अंतर्गत आने वाले इलाहाबाद सिटी, प्रयाग, प्रयागघाट, सूबेदारगंज, झूंसी, नैनी, इलाहाबाद छिवकी और इलाहाबाद जंक्शन पर रेलवे द्वारा तमाम कार्य करवाए जा रहे हैं। पहले चर्चा थी कि उत्तर रेलवे के प्रयाग, प्रयागघाट, पूर्वोत्तर रेलवे के इलाहाबाद सिटी, दारागंज और झूंसी स्टेशन उत्तर मध्य रेलवे के अधीन कर दिए जाएंगे, लेकिन इन तीनों जोनल रेलवे द्वारा तमाम कार्य शुरू कर दिए जाने से तय हुआ कि अगर अभी ये स्टेशन एनसीआर के अधीन किए जाएंगे तो सभी कार्यों की एक बार फिर से निविदा निकालनी होगी। इसे देखते हुए तय किया गया कि तीनों जोनल रेलवे के लिए एक नोडल अफसर तैनात कर दिया जाए। फिलहाल, बोर्ड के निर्देश पर एनसीआर के एजीएम को यह दायित्व सौंपा गया है। अब शहर के सभी स्टेशनों में कुंभ के मद्देनजर हो रहे विकास कार्यों की एजीएम एनसीआर द्वारा मानीटरिंग की जाएगी।