कर्ज माफी के लिए 50 फीसदी
किसानों को करना होगा इंतजार
0 शिकायतों, समस्याओं के निस्तारण के लिए तहसील स्तर परे बनेगा कंट्रोल रूम
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
आधार कार्ड से खाता लिंक न कराने वाले तकरीबन 50 फीसदी किसानों को फसली ऋण मोचन योजना के लाभ के लिए इंतजार करना होगा। पहले चरण में जिन्हाेंने आधार कार्ड लिंक कराया है, उन्हें ही कर्जमाफी का सर्टिफिकेट मिलेगा।
सरकार की ओर से तीन चरणों में कर्जमाफी का सर्टिफिकेट देने की योजना बनाई गई है। दूसरे चरण में जिनका आधार कार्ड नहीं है, उन्हें एक महीने का मौका दिया जाएगा। आधार कार्ड बनवाने तथा उसे खाता से लिंक करने के लिए प्रशासन की ओर से अभियान भी चलाया जाएगा। इसके बाद आखिरी चरण में जिनके आधार कार्ड नहीं बन पाए तथा अन्य कोई आपत्ति है तो उनका निस्तारण किया जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया अक्तूबर तक पूरी हो जानी है।
उधर, किसानों की शिकायतों और समस्याओं के निस्तारण के लिए तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। वहां टेलीफोन नंबर भी होगा, जिस पर किसान अपनी समस्या बता सकेंगे। किसानों की शिकायतों तथा उसकी प्रगति की रिपोर्ट एनआईसी की ओर से बनाई गई पोर्टल पर बने लिंक पर फीड की जाएगी। डीएम संजय कुमार ने एसडीएम को निर्देश दिया है कि कंट्रोल रूम की स्थापना के साथ प्रभारी का नाम, टेलीफोन नंबर आदि सार्वजनिक किए जाएं। पूरा डिटेल जिला कृषि अधिकारी के ई-मेल तथा टेलीफोन नंबर 9235629449 पर भी भेज दिया जाए। शिकायतों का निस्तारण एसडीएम तथा जिला कमेटी के स्तर पर किया जाएगा।