बारा। जोगापुर पंप कैनाल का शुक्रवार को प्रदेश के डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम की तैयारी को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और एसपी प्रदीप गुप्ता ने कैनाल का निरीक्षण किया।
कौशाम्बी विकास खंड के जोगापुर में वर्ष 2010 में कैनाल बनाने की नींव पड़ी थी। इसके बाद यहां सबसे बड़ा संकट बिजली का सामने आया। कैनाल के लिए अगल से लाइन खींची जानी थी। टेवां सब स्टेशन से लाइन खींचने का काम शुरू हुआ। करीब 33 किलोमीटर लाइन खींचे जाने में तमाम वक्त लग गई।
पिछले दिनों पंप की टेस्टिंग हुई तो कैनाल से जुड़ी माइनरे कई जगह फट गई। बाद में तकनीकी खामियों को ठीक कराकर पंप के शुभारंभ की तारीख तय हो सकी। जोगापुर पंप कैनाल चालू होने से क्षेत्र के नौ हजार हेक्टेयर खेतों को सिंचाई के लिए पानी मिल सकेगा। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता ने तैयारियों का जायजा लिया और सिंचाई विभाग के अफसरों को कार्यक्रम के बाबत जरुरी निर्देश दिए।