प्रधानमंत्री का दौरा, अफसरों की जिम्मेदारी तय
0 नगर विकास मंत्री ने विदेशी मेहमानों के स्वागत को लेकर हो रही तैयारियां देखीं
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। कुंभ स्नान के लिए 24 फरवरी को आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रधानमंत्री के साथ राज्यपाल रामनाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री उमा भारती भी शामिल हो सकती हैं। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर एसपीजी ने बृहस्पतिवार को ही सुरक्षा अपने हाथ में ले ली तो अफसरों की जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है। नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने प्रधानमंत्री के आगमन के अलावा शुक्रवार को आ रहे 188 देश के प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए हो रही तैयारियों की भी समीक्षा की।
संगम स्नान और अक्षयवट दर्शन के साथ प्रधानमंत्री कुंभ आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कर्मचारियों और संस्थाओं को सम्मानित भी करेंगे। गंगा पंडाल में आयोजित होने वाले स्वच्छ कुंभ स्वच्छ आभार कार्यक्रम में प्रधानमंत्री सफाई कर्मियों, स्वच्छा ग्रहियों, पुलिसकर्मियों, नाविकों, होमगार्ड्स तथा केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों को सम्मानित करेंगे। इनके लिए बीमा योजना की भी शुरुआत करेंगे। नगर विकास मंत्री ने मंडलायुक्त डा.आशीष कुमार गोयल, अपर पुलिस महानिदेशक एसएन साबत, कुंभ मेलाधिकारी विजय किरन आनंद, डीएम सुहास एलवाई, नगर आयुुक्त डॉ.उज्जवल कुमार, उपाध्यक्ष प्रयागराज विकास प्राधिकरण भानु चन्द्र गोस्वामी, एसएसपी नितिन तिवारी आदि अफसरों के साथ तैयारियों की समीक्षा की और जरूरी निर्देश दिए।