अब ‘आरोग्य मित्र’ पद पर भर्ती के लिए फर्जी विज्ञापन
- एयरपोर्ट के बाद अब स्वास्थ्य विभाग के नाम पर फर्जीवाड़ा
इलाहाबाद। एयरपोर्ट के बाद अब स्वास्थ्य विभाग मेें भर्ती के नाम पर फर्जी विज्ञापन निकाला गया है। जालसाजाें ने ‘आरोग्य मित्र’ के पद पर भर्ती के लिए विज्ञापन निकाला है। उन्होंने आवेदन मांगने के साथ नियुक्ति कराने के लिए वसूली भी शुरू कर दी है। इसके विपरीत मुख्य चिकित्साधिकारी मेजर डॉ.जीएस बाजपेई ने इस तरह के किसी विज्ञापन को फर्जी बताया है। उन्होंने बताया कि डीएम के निर्देश पर भर्ती प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। युवा जालसाजों के झांसे में न आएं।
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना शुरू हो चुकी है। इसके अंतर्गत चयनित सरकारी और निजी चिकित्सालयों में आरोग्य मित्रों की तैनाती होनी है। अफसरों के अनुसार आरोग्य मित्रों के चयन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्हें प्रशिक्षित भी किया जा रहा है। इसके विपरीत मानव संसाधन के नाम पर आयुष्मान मित्रों के चयन के लिए आवेदन मांगे गए हैं। कॉमन सर्विस सेंटर के नाम पर आवेदन ऑनलाइन मांगा गया है, जिसके लिए शुल्क भी लिया जा रहा है। इसके अलावा जालसाजों ने जगह-जगह एजेंट भी फैला रखे हैं, जो नियुक्ति की गारंटी के नाम पर वसूली कर रहे हैं। इसकी जानकारी होने के बाद सीएमओ की ओर से स्पष्टीकरण जारी किया गया है कि इस तरह की कोई भर्ती नहीं की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति डिस्ट्रिक्ट इम्पीमेंटेशन यूनिट के अंतर्गत विज्ञापित तीन पदों पर चयन कर चुकी है। सरकारी तथा निजी चिकित्सालयों के स्तर पर आरोग्य मित्रों के चयन की प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है। इन पदों पर भर्ती का नया विज्ञापन पूरी तरह से गलत है।