0000000000000000000
चार घंटे ठप रही कानपुर-इलाहाबाद के बीच ट्रेनों की आवाजाही
0 जंक्शन पर एफओबी निर्माण के चलते चार घंटे का लिया गया पावर और ट्रैफिक ब्लॉक
0 एफओबी पर लगाए गए पांच गार्डर, आधा दर्जन ट्रेनों के संचालन पर पड़ा असर
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। रविवार का दिन कानपुर से इलाहाबाद आने वाले यात्रियों के लिए मुसीबत भरा रहा। इलाहाबाद जंक्शन पर बन रहे फुटओवर ब्रिज (एफओबी) पर गार्डर लगाने के कार्य की वजह से रेलवे ने रविवार को चार घंटे का पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लिया। इस अवधि में कानपुर से इलाहाबाद के बीच ट्रेनों की आवाजाही ठप रही। इस दौरान जोधपुर एक्सप्रेस, नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस समेत तकरीबन आधा दर्जन ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा। पांच गार्डर रखने के बाद शाम पांच बजे के बाद ही संबंधित रूट पर ट्रेनों की आवाजाही शुरू की जा सकी।
जंक्शन पर कुंभ के मद्देनजर नए प्लेटफार्म नंबर 11 का निर्माण कार्य चल रहा है। इस प्लेटफार्म को एक नंबर, दो, तीन, चार एवं छह नंबर से जोड़ने के लिए रेलवे नया एफओबी भी बना रहा है। एफओबी पर गार्डर लांच करने के लिए रविवार को दिन में एक बजे से शाम पांच बजे तक पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया। अप लाइन में दिन में एक बजे से अपराह्न 3.05 बजे तक एवं डाउन लाइन में शाम पांच बजे तक रेल संचालन ठप रहा। इस अवधि में रेलवे ने प्लेटफार्म नंबर दो-तीन एवं चार-छह के बीच 23.3 मीटर के पांच बड़े गार्डर एवं प्लेटफार्म नंबर चार-छह और यार्ड के बीच 18.5 मीटर के पांच गार्डर लांच किए। इसके पूर्व 16 सितंबर को भी प्लेटफार्म नंबर एक से दो-तीन के बीच 20.3 मीटर के पांच गार्डर लांच किए थे। गार्डर लगाने के पूर्व वहां पूजन-अर्चन भी किया गया। लांचिंग का कार्य उप मुख्य इंजीनियर ब्रिज पीके आजाद के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान स्टेशन प्रबंधक राजाराम राजपूत एवं अन्य अफसर मौजूद रहे। इस कार्य के दौरान अप लाइन में सियालदाह-अजमेर समेत पांच मालगाड़ी एवं डाउन लाइन में जोधपुर-हावड़ा, मुरी एक्सप्रेस, कालका मेल, आनंद विहार-हावड़ा सुपरफास्ट, सीमांचल, महानंदा समेत पांच मालगाड़ियां प्रभावित हुई।
0000000000000000000000
अब 26 को भी लगाया जाएगा गार्डर
0 इलाहाबाद जंक्शन के नए एफओबी में अब यार्ड से प्लेटफार्म नंबर 11 तक गार्डर लगाने का काम 26 सितंबर को किया जाएगा। यहां 29.5 मीटर लंबा गार्डर रेलवे लगाएगा। यह कार्य पूरा होते ही नए एफओबी पर गार्डर लगाने का कार्य पूर्णरूप से संपन्न हो जाएगा।
ट्रैक पर मिट्टी भारी बालू की बोरी डालकर बनाया क्रेन का रास्ता
0 जंक्शन के एफओबी पर गार्डर लांच के लिए क्रेन को लाने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी। यहां रेलवे ट्रैक पर मिट्टी व बालू भरी बोरी ट्रैक पर डालकर क्रेन का रास्ता बनाया गया।