रेलवे ग्रुप डी की भर्ती परीक्षा का कार्यक्रम जारी
0 62907 पदों के लिए 17 सितंबर से होगी ऑनलाइन परीक्षा
0 परीक्षा तिथि के चार दिन पहले ही डाउनलोड होंगे प्रवेशपत्र
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। असिस्टेंट लोको पायलट और तकनीशियन के विभिन्न पदों की भर्ती परीक्षा के बाद रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) इलाहाबाद की ओर से अब ग्रुप डी की भर्ती परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया गया है। ग्रुप डी के 62907 पदों के लिए भर्ती परीक्षा 17 सितंबर से शुरू होगी। परीक्षा कब तक चलेगी, अभी आरआरबी की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है।
आरआरबी की ओर से कहा गया है कि उम्मीदवारों के लिए ऑनलाइन मॉक टेस्ट 10 सितंबर से मुहैया कराएं जाएंगे। परीक्षा के शहर, तारीख और शिफ्ट आदि से जुड़ी जानकारी नौ सितंबर को अभ्यर्थियों को दी जाएगी। परीक्षा के लिए ऑनलाइन प्रवेशपत्र 17 सितंबर से चार दिन पूर्व यानी की 13 सितंबर को डाउनलोड किए जा सकेंगे। इसके बाद 18 सितंबर की परीक्षा का प्रवेशपत्र 14 सितंबर को अभ्यर्थी डाउनलोड कर सकेंगे। आरआरबी इलाहाबाद के चेयरमैन एसएएम नकवी के मुताबिक देश भर में 1.97 करोड़ अभ्यर्थी ग्रुप डी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा 90 मिनट की होगी। दिव्यांग आवेदकों के लिए यह परीक्षा 120 मिनट की होगी। परीक्षा में कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। सभी प्रश्न बहुविकल्पीय होेंगे। गलत उत्तर देने पर निगेटिव मार्किंग का भी प्रावधान किया गया है।