गंग दीप बना अलग सर्किल
0 सफाई तथा अन्य सुविधाएं मुहैया कराने में हो रही थी परेशानी, मजिस्ट्रेट और सर्किल प्रभारी भी तैनात
इलाहाबाद। माघ मेला क्षेत्र में गंगा दीप को अलग सर्किल बना दिया गया है। नदी से दो धारा निकलने की वजह से सुविधाएं मुहैया कराने में हो रही परेशानी के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया। वहां नए मजिस्ट्रेट की तैनाती के साथ सर्किल प्रभारी की भी नियुक्ति कर दी गई है। इनके अलावा अतिरिक्त सफाई कर्मियों की भी तैनाती की गई है।
मंडलायुक्त डॉ.आशीष कुमार गोयल, डीएम सुहास एलवाई समेत अन्य अफसरों ने शुक्रवार को मेला क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्हाेंने संतों और कल्पवासियों से मिलकर सुविधाओं की बाबत जानकारी ली। इस दौरान सीएमओ ने मंडलायुक्त को बताया कि दो धाराओं की वजह से मुख्य सर्किल से जोड़कर गंग दीप में कार्य करने में परेशानी हो रही है। इस पर मंडलायुक्त ने गंग दीप को अलग सर्किल बनाने का निर्देश दिया। बदलाव करते नायब तहसीलदार को सेक्टर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी भी दे दी गई है। मंडलायुक्त के निर्देश पर सफाई कर्मियों के गैंग की संख्या भी छह से बढ़ाकर 10 कर दी गई है। गंगदीप में 10 शीट वाले 13 सुलभ शौचालयों का निर्माण भी शुरू हो गया है। इसी क्रम में मंडलायुक्त, डीएम तथा अन्य अफसरों ने अलग-अलग सेक्टर में संतों के शिविर में जाकर उनका हालचाल तथा आयोजन की तैयारियों की बाबत जानकारी ली। साथ में एसडीएम मेला तथा अन्य अफसरों को जरूरी निर्देश दिए।
000
माघ मेला में सफाई जागरूकता अभियान भी
इलाहाबाद। माघ मेला में शुक्रवार को स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। स्वच्छाग्रहियों तथा सफाई कर्मियों ने रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। यह अभिययान पूरे मेला के दौरान चलेगा। इस काम में 100 स्वच्छाग्रही तथा 500 सफाई कर्मचारी लगाए गए हैं। इनके अलावा पूरे मेला क्षेत्र में 300 होर्र्डिंग्स-पोस्टर लगाए गए हैं। अभियान सीडीओ सैमुअल पॉल एन. की अगुवाई में चला।