छात्र-छात्राओं ने निकाला मार्च, पहुंचे चर्च
0 बीएचएस, जीएचएस, एचटीएस ने मनाया स्थापना दिवस समारोह
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
गर्ल्स हाईस्कूल एंड कॉलेज (जीएचएस), ब्वॉयज हाईस्कूल एंड कॉलेज तथा होली ट्रिनिटी स्कूल (एचटीएस) का 156वां स्थापना दिवस समारोह सोमवार को धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान बीएचएस एवं जीएचएस के 350 से अधिक छात्र-छात्राएं सुसज्जित पोशाकों में मार्च करते हुए ऑल सेंट्स कैथिड्रल पहुंचे। यहां मुख्य अतिथि चर्च ऑफ नार्थ इंडिया डायोसिस ऑफ लखनऊ के मॉडरेटर कॉलिन सी थ्योडोर की मौजूदगी में कार्यक्रम हुआ।
इसके पहले मार्च में बीएचएस की टुकड़ी का नेतृत्व हेड ब्वाय प्रत्यक्ष कपूर तथा जीएचएस का नेतृत्व हेड गर्ल वसुंधरा अग्रवाल ने किया। प्रारंभ में बीएचएस के प्रधानाचार्य डी ल्यूक एवं जीएचएस की प्रधानाचार्या डॉ. विनीता इसूबियस ने ‘जॉयफुल वी एडोर दी’ गीत के साथ धन्यवाद ज्ञापन समारोह में प्रवेश किया। क्रॉसधारक रक्षित रॉबिन, झंडावाहकों एवं विभिन्न हाउस के कलर होल्डर्स ने अपने झंडे कैथिड्रेल के प्रमुख पादरी जी दाऊद को सौंपे। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने कहा कि परमपिता परमेश्वर लार्ड जीसस क्राइस्ट के नियमों का पालन करना हमारा परम कर्तव्य है। कहा कि प्रधानाचार्यों एवं अध्यापकों की यह बड़ी जिम्मेदारी है कि वे विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों से अवगत कराएं और उनके चरित्र का सही दिशा में विकास करें। कहा कि शिक्षा ही मनुष्य के उत्थान में सहायक है और देश के जिम्मेदार नागरिक का निर्माण कर सकती है। चर्च में समारोह के बाद जीएचएस में हुए कार्यक्रम में केक काटकर खुशियां मनाई गईं।