अल्ट्रासाउंड केंद्र पर छापा, डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर,
बरौत में बिना पंजीकरण चल रहा था क्लीनिक, बंद कर भागे अस्पताल
सीएचसी में शिफ्ट कराए गए भर्ती मरीज, विधिक कार्रवाई की तैयारी
इलाहाबाद(ब्यूरो)। मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ प्रशासन, पुलिस और सीएमओ की टीम ने मंगलवार को अभियान चलाया। हंडिया के बरौत में छापेमारी के दौरान बिना पंजीकरण क्लीनिक चलाने वाले एक डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। यहीं बिना पंजीकरण और डिग्री के अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कर रहे डॉक्टर और कर्मचारी मरीजों को छोड़कर भाग निकले। अस्पताल में भर्ती मरीजों को सीएचसी में शिफ्ट कराया गया है। झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। लोग क्लीनिक, अस्पताल और मेडिकल स्टोर बंद कर भाग निकले।
जिलाधिकारी संजय कुमार के निर्देश पर सीएमओ डॉ. आलोक वर्मा ने मंगलवार को डिप्टी सीएमओ हंडिया को टीम के साथ झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई को हंडिया इलाके में भेजा। यहां पहुंची टीम ने सीओ हंडिया और इलाकाई पुलिस के साथ बरौत स्थित विश्वास क्लीनिक पर छापा मारा। जांच में क्लीनिक का रजिस्ट्रेशन नहीं दिखाने वाले डॉ. राहुल विश्वास के खिलाफ हंडिया थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। फिर टीम ने बरौत में ही शुभम हॉस्पिटल में चल रहे शुभम अल्ट्रासाउंड केंद्र में छापा मारा तो डॉक्टर और कर्मचारी मरीजों को छोड़कर भाग निकले। बिना पंजीकरण अल्ट्रासाउंड केंद्र चलाने वाले डॉक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। पुलिस के साथ सीएमओ की टीम ने बरौत बाजार में ही दो अन्य अस्पतालों और अल्ट्रासाउंड केंद्रों की भी जांच की लेकिन वहां सबकुछ दुरुस्त मिला। सीएमओ के मुताबिक झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।