खुल्दाबाद पुलिस ने गोतस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। साथ ही इनके कब्जे से 11 गोवंश बरामद किए हैं। गिरोह के पांच सदस्य मौके का फायदा उठाकर भाग निकले जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, सूचना मिली थी कि गोतस्करी में लिप्त कुछ लोग गोवंश लेकर कहीं जा रहे हैं। इस पर रात में 12:30 बजे के करीब अटाला में गोलपार्क के पास घेराबंदी की गई। इसी दौरान एक मैजिक रोककर तलाशी ली गई तो उसमें 11 गोवंश बरामद हुए। इन्हें निर्दयतापूर्वक बांधकर रखा गया था। मौके से चालक व एक अन्य को पकड़ा गया जिन्होंने अपना नाम मुस्तकीम निवासी अटाला और महबूब निवासी गुलाबबाड़ी बताया।
यह भी बताया कि पुलिस को देखते ही उनके साथी शानू, अब्बन, भैय्याजी, अश्फाक भाग निकले। जांच में यह भी बात सामने आई कि पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपियों ने मैजिक पर ई रिक्शे का नंबर लिखा रखा था। खुल्दाबाद प्रभारी सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।