शिवगंगा और मंडुवाडीह एक्सप्रेस में आज से इलेक्ट्रिक इंजन
0 अभी तक जंक्शन से मंडुवाडीह के बीच डीजल इंजन से चल रही थीं दोनों ट्रेनें
प्रयागराज। इलाहाबाद जंक्शन से मंडुवाडीह रेल खंड का विद्युतीकरण हो जाने के बाद रेलवे अब इस रूट की प्रमुख ट्रेनों को इलेक्ट्रिक इंजन से लैस करने जा रहा है। इसकी शुरुआत स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस से की गई। अब इस रेलखंड पर चलने वाली शिवगंगा और नई दिल्ली-मंडुवाडीह सुपरफास्ट एक्सप्रेस में भी इलेक्ट्रिक इंजन लगने जा रहा है।
नई दिल्ली से मंडुवाडीह जाने वाली शिवगंगा एक्सप्रेस 24 मार्च से इलाहाबाद जंक्शन से मंडुवाडीह के बीच भी इलेक्ट्रिक इंजन से जाएगी। इसी तरह 25 मार्च से अप शिवगंगा एक्सप्रेस में भी यह व्यवस्था लागू हो जाएगी। इसमें भी मंडुवाडीह से डीजल की बजाय इलेक्ट्रिक इंजन जोड़ा जाएगा जो नई दिल्ली तक जाएगा। इस रूट पर चलने वाली नई दिल्ली-मंडुवाडीह सुपरफास्ट एक्सप्रेस में भी 24 मार्च से मंडुवाडीह तक इलेक्ट्रिक इंजन ही रहेगा। वापसी में भी 25 मार्च से मंडुवाडीह एक्सप्रेस में रेलवे की ओर से ट्रेन में इलेक्ट्रिक इंजन लगा दिया जाएगा। अभी तक इलाहाबाद जंक्शन से मंडुवाडीह तक दोनों ट्रेनों में डीजल इंजन ही लगता रहा है। दरअसल रेल विकास निगम लिमिटेड की ओर से ही इस रूट का विद्युतीकरण कर दिया गया है। अभी हाल ही में वंदे भारत एक्सप्रेस भी दस दिन के लिए इसी रूट से वाराणसी भेजी जा रही है।