अब सुबह जाकर दिल्ली से शाम को लौट आएंगे
0 इलाहाबाद से सुबह के समय भी फ्लाइट चलाने की तैयारी
0 दिल्ली के लिए अभी है एकमात्र फ्लाइट, वह भी शाम को
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
दिल्ली जाने वाले कारोबारियों एवं कामकाजी लोगों के लिए राहत भरी खबर। शीघ्र ही इलाहाबाद से सुबह जाकर अब शाम के वक्त दिल्ली से लोग आसानी से लौट सकेंगे। ऐसा इसलिए क्योंकि इलाहाबाद से जल्द ही दिल्ली के लिए सुबह के वक्त फ्लाइट शुरू होगी। इस फ्लाइट के शुरू होने के बाद यात्री सुबह दिल्ली के लिए उड़ान भरने के बाद वहां दिन में जरूरी कामकाज निपटा कर शाम वाली फ्लाइट पकड़कर वापस इलाहाबाद आ सकेंगे।
दरअसल, कुंभ मेले के पूर्व इलाहाबाद से 13 शहरों के लिए विमान सेवा शुरू होनी है। जिन शहरों के लिए विमान सेवा शुरू होनी है उसमें बंगलूरू, भोपाल, भुवनेश्वर, मुंबई, देहरादून, गोरखपुर, कोलकाता, पुणे, रायपुर, लखनऊ, पटना, इंदौर एवं नागपुर के नाम शामिल है। अभी दिल्ली के लिए एयर इंडिया की एकमात्र फ्लाइट है जो शाम 5.25 बजे दिल्ली जाती है। वहां से यह फ्लाइट दिन में 3.10 बजे चलकर यहां 4.55 बजे आती है। लंबे समय से यात्री दिल्ली के लिए सुबह के वक्त फ्लाइट चलाने की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि शाम के वक्त जाने वाली फ्लाइट से उन्हें फिर रात भर दिल्ली में रुकना पड़ता है। ऐसे में अगले दिन ही वे अपने जरूरी काम निपटाकर लौट पाते हैं। इस समस्या को देखते हुए प्रदेश सरकार के उड्डयन विभाग ने दिल्ली के लिए सुबह के वक्त भी विमान सेवा शुरू करने की तैयारी की है। प्रदेश सरकार के उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी का कहना है कि विमान कंपनियों से बातचीत चल रही है। इसके सकारात्मक परिणाम आने की उम्मीद है।