0000000000000000000000
दिल्ली तक बिछाई जाएगी नई रेल लाइन, बढ़ेगी ट्रेनों की स्पीड
एनसीआर प्रशासन की पुरानी पटरियों को उखाड़कर नई पटरी बिछाने की तैयारी
अगले दो वर्ष में मुगलसराय-गाजियाबाद के बीच नई पटरी बिछा देने का लक्ष्य
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
पुराने हो चुके रेल ट्रैकों को बदले जाने की कवायद उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) जोन ने शुरू कर दी है। देश के सर्वाधिक व्यस्त दिल्ली-हावड़ा रूट पर पुरानी पटरियों की जगह अब नई पटरियों बिछाई जाएंगी। इस रूट के इलाहाबाद मंडल में मुगलसराय से गाजियाबाद के बीच अगले दो वर्ष के भीतर एनसीआर प्रशासन द्वारा नई पटरी बिछाने का काम पूरा कर लिया जाएगा। इस खंड में रेलवे द्वारा 750 किलोमीटर पुरानी पटरी के स्थान पर नई रेल लाइन बिछाई जानी है। नई पटरी बिछ जाने के बाद संबंधित रूट पर चलने वाली ट्रेनों की स्पीड में भी इजाफा होगा। क्योंकि इस रूट पर रेलवे की गतिमान एक्सप्रेस श्रेणी की ट्रेन चलाने की भी योजना है।
दरअसल बीते कुछ सालों के दौरान अधिकांश रेल हादसे ट्रैक का समुचित रखरखाव न हो जाने की वजह से ही हुई। पिछले साल नवंबर माह में मानिकपुर स्टेशन पर वास्कोडिगामा एक्सप्रेस हादसा भी पटरी टूट जाने की वजह से हुआ। सीआरएस रिपोर्ट में भी इसकी पुष्टि हो गई है। लगातार हो रहे रेल हादसे को देखते हुए रेलमंत्री पीयूष गोयल ने भी निर्देश दिया है कि रेल ट्रैक के रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसे देखते हुए एनसीआर के इलाहाबाद मंडल की मुगलसराय-इलाहाबाद-कानपुर-गाजियाबाद रेलखंड में तमाम स्थानों पर तकरीबन 100 किलोमीटर पुरानी रेलवे लाइन उखाड़कर नई रेल लाइन बिछाने का काम किया गया है। अब जोनल अफसरों ने इस रूट के बाकी स्थानों पर भी पुरानी रेल लाइन की बजाय नई रेल लाइन बिछाने की तैयारी की है। वित्तीय वर्ष 2018-19 में इस रेलखंड में 300 किलोमीटर नई लाइन बिछाई जाएगी। इसके बाद अगले वित्तीय वर्ष में बाकी बचे रेलखंड पर भी पुरानी पटरी उखाड़कर नई पटरी बिछा दी जाएगी। अभी इस रूट पर चुनिंदा ट्रेनें ही 130 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलती है। नया ट्रैक बिछ जाने के बाद सभी मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों की स्पीड 130 किमी प्रतिघंटे से ज्यादा की हो जाएगी।
वर्जन
‘ कुंभ के मद्देनजर इलाहाबाद और उसके आसपास के इलाकों में शीघ्र ही पुरानी पटरी उखाड़कर नई पटरी बिछाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। मुगलसराय से गाजियाबाद तक के 750 किलोमीटर के इस रूट में अभी कई खंडों में तकरीबन 100 किमी नई रेललाइन बिछा दी गई है। अगले दो वित्तीय वर्ष में जोन के इलाहाबाद मंडल में बाकी ट्रैक का नवीनीकरण कर लिया जाएगा।‘
00 एसके पंकज, डीआरएम इलाहाबाद।