प्रधानाचार्यों की मांगों का त्वारित हो निस्तारण
उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद का 20 सूत्री मांग पर जेडी कार्यालय पर धरना
उप मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन, जेडी ने स्थानीय समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद ने 20 सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार को संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) चतुर्थ मंडल के कार्यालय पर धरना दिया। इस मंडलीय धरने में इलाहाबाद समेत प्रतापगढ़, फतेहपुर एवं कौशाम्बी के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य शामिल हुए। इसके पहले प्रधानाचार्यों ने परिषद के संरक्षक एमएलसी डॉ.यज्ञ दत्त शर्मा एवं प्रांतीय अध्यक्ष बृजेश शर्मा के नेतृत्व में उप मुख्यमंत्री डॉ.दिनेश शर्मा को ज्ञापन भी सौंपा।
मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के तदर्थ प्रधानाचार्यों का अद्यतन विनियमितीकरण, अन्य शैक्षिक संवर्गों की भांति साधारण चयन एवं त्रिस्तरीय वेतनमान स्वीकृत करने एवं स्टेगनेशन रोकने, केंद्रीय वेतनमान लागू होने के बाद केंद्रीय विद्यालयों की भांति हाईस्कूल एवं इंटर के प्रधानाचार्यों को एक संवर्ग में लाने, स्ववित्त पोषित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों की सेवा शर्तें इंटरमीडिएट एक्ट के तहत करने एवं उनकी नियुक्ति का अनुमोदन करने तथा एक समान वेतन अथवा मानदेय देने आदि की मांग कर रहे हैं।
धरना स्थल पर हुई सभा में डॉ.यज्ञ दत्त शर्मा ने कहाकि जनहित एवं शिक्षाहित में जरूरी है कि सरकार प्रधानाचार्यों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करे। समस्याग्रस्त प्रधानाचार्य गुणवत्ता का वहन ठीक से नहीं कर सकते। प्रांतीय अध्यक्ष ने विनियमितीकरण, त्रिस्तरीय वेतनमान देने, विद्यालयों को क्षतिपूर्ति देने, चतुर्थ श्रेणी नियुक्ति पर लगी रोक समाप्त करने आदि बिंदुओं पर चर्चा की। ज्ञापन लेते हुए जेडी माया निरंजन ने उसे सरकार को भेजने और स्थानीय समस्याओं के तत्काल निस्तारण का आश्वासन दिया। इसमें लल्लू प्रसाद त्रिपाठी, डॉ.सुषमा त्रिपाठी, डॉ.केसी पांडेय, देवकृष्ण शर्मा डॉ.शक्तिधर नाथ पांडेय, डॉ.योगेंद्र सिंह, डॉ.मोरारजी त्रिपाठी आदि ने विचार व्यक्त किए। धरने का संचालन जिला मंत्री राजकुमार मिश्र एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रवक्ता एसपी तिवारी ने किया।
00
मंत्री से ठोस आश्वासन न मिलने पर भड़के प्रतियोगी, 25 से आंदोलन
इलाहाबाद। माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड का गठन, चयन प्रक्रिया शुरू करने समेत अन्य मांगों पर पर माध्यमिक शिक्षा मंत्री डॉ.दिनेश शर्मा से ठोस आश्वासन न मिलने पर प्रतियोगी छात्रों की नाराजगी बढ़ गई है। इससे गुस्साए प्रतियोगियों ने 25 अक्तूबर से आंदोलन की घोषणा कर दी है। बीएड उत्थान जन मोर्चा एवं युवा अधिकार मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह के नेतृत्व में प्रतियोगी सोमवार को मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में मंत्री से मिले लेकिन उन्होंने इस इस संबंध में कोई आश्वासन नहीं दिया। इसके बाद प्रतियोगियों ने स्टेडियम के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान निर्णय लिया गया कि 25 अक्तूबर को डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। इसमें राजेश सचान, अरविंद मौर्चा, उमाशंकर सिंह, कुलदीप यादव, प्रदीप मौर्य आदि शामिल थे।