दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र बनाने के लिए विशेष शिविर 23 से
0 प्रभारी जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी सहित सभी अधिकारियों को दिया निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। जिले के दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए उनके पहचान पत्र शिविर लगाकर बनाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वह दिव्यांगों के पहचान पत्र के लिए 23 जून से विकास खंडों में विशेष शिविर लगाए जाएं। प्रभारी जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे दिव्यांगजन जिनके दिव्यांगता प्रमाण पत्र अभी तक नहीं बने हैं, उनके प्रमाण पत्र बनाने के लिए विकास खंडवार कार्यक्रम घोषित की जाए।
विशेष अभियान के तहत 23 जून को फूलपुर विकास खंड, 24 जून को बहादुरपुर, 27 जून को बहरिया, 28 जून को हंडिया, 29 जून को धनूपुर, 30 जून को प्रतापपुर, एक जुलाई को सैदाबाद, तीन जुलाई को चाका, पांच जुलाई को करछना, छह जुलाई को कौंधियारा, सात जुलाई को को मांडा, 10 जुलाई को मेजा, 11 जुलाई को उरूवा, 12 जुलाई को कोरांव, 13 जुलाई को सोरांव, 14 जुलाई को होलागढ़, 15 जुलाई को कौड़िहार प्रथम, 17 जुलाई को कौड़िहार द्वितीय (मुंडेरा मंडी), 19 जुलाई को मऊआइमा, 20 जुलाई को शंकरगढ़, 21 जुलाई को जसरा में 11 बजे से दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाया जाएगा। शिविर के दौरान करेक्टिव सर्जरी योजना के तहत शल्य चिकित्सा एवं कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण योजना के तहत दिव्यांगजनों को चिन्हित किया जाएगा। प्रभारी जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों, ग्राम स्तरीय कर्मचारियों, जिला कार्यक्रम अधिकारी को अपने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तथा जिला बेसिक अधिकारी को अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के माध्यम से 23 जून से शुरू हो रहे शिविरों की जानकारी दें।