जीआरपी में सर्विलांस प्रभारी पद पर तैनात सुबोध कुमार को ही साइबर जालसाजों ने चपत लगा दी। जालसाजों ने क्रेडिट कार्ड में क्रेडिट प्वाइंट जोड़ने का झांसा देकर उनके खाते से 1.15 लाख रुपये निकाल लिए। सर्विलांस प्रभारी को जब जालसाजी का पता चला तब उनके होश उड़ गए। उन्होंने आननफानन में जिस खाते में पैसे ट्रांसफर हुए, उसे ब्लॉक कराते हुए मोबाइल धारक के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
सर्विलांस प्रभारी ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को वह सिविल लाइंस स्थित ऑफिस में बैठे थे। तभी एक महिला ने कॉल की और हाल में लिए एसबीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड के बारे में बात करने लगी। महिला ने उनके कार्ड में क्रेडिट प्वाइंट के जरिए पैसे मिलने की बात कही। इसके लिए उनके मोबाइल में आए ओटीपी बताने को कहा। सर्विलांस प्रभारी ने महिला को चार बार में अपने मोबाइल में आया ओटीपी बता दिया। ओटीपी बताने के थोड़ी देर बाद ही उनके खाते से कुल 1.15 लाख रुपये निकाल लिए गए। जब उनके मोबाइल पर पैसे निकाले जाने का मैसेज आया तब उनको धोखाधड़ी का अहसास हुआ। उन्होंने सर्विलांस के जरिए आरोपी का पता लगाने की कोशिश की लेकिन, इंटरनेट कॉल का इस्तेमाल करने से उसका भी पता नहीं चल सका। बैंक से पता लगाने पर मालूम चला कि बिहार स्थित जमुई में एक ऑनलाइन वॉलेट में पूरा पैसे ट्रांसफर कर लिया गया है। उन्होंने तत्काल खाते को ब्लॉक कराने के साथ ही सिविल लाइंस थाने में आरोपी महिला के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करा दी। सर्विलांस प्रभारी के मुताबिक ट्रांसफर के चलते वह काफी तनाव में थे, इसी के चलते चूक कर बैठे।