विजयदशमी का मेला देखकर छर्रा से अपने गांव धनसारी लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई।
गांव धनसारी निवासी 35 वर्षीय मुखीद खां पुत्र बशीर 12 अक्टूबर को कस्बे में विजयदशमी का मेला देखने आए थे। देर रात वह पैदल अपने घर लौट रहे थे। कासगंज रोड पर अज्ञात वाहन उन्हें टक्कर मारकर निकल गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
खबर पाकर परिवार वाले भी सीएचसी पहुंच गए थे। वह दो भाइयों में छोटे थे। अपने पीछे माता-पिता और पत्नी को रोता छोड़ गए हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।