गांव बलीपुर निवासी एक युवक की हत्या कर दी गई। वह बुधवार की शाम से घर से लापता था। बृहस्पतिवार की सुबह उसका रक्तरंजित शव गांव के समीप एक काॅलेज के सामने खेत में पड़ा मिला। मृतक के पिता ने चार लोगों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचने के साथ हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद कर लिया है।
गांव बलीपुर निवासी 25 वर्षीय पिंकू पुत्र राजकुमार बुधवार की शाम से लापता था। बुधवार की सुबह 8:30 बजे कॉल करने पर उसने बताया था कि वह शौच के लिए जंगल आया है। मध्यरात्रि तक घर न पहुंचने पर पत्नी ने कॉल किया तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ था। इस पर परिजनों ने रात में उसकी तलाश शुरू की लेकिन पता नहीं चला। बृहस्पतिवार की सुबह करीब सात बजे गांव से दूर बत्तो देवी काॅलेज के सामने नन्नूमल के खाली खेत में उसका रक्तरंजित शव पड़ा मिला। बाजरा काटने पहुंचे ग्रामीणों ने शव देखकर परिजनों व पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर सीओ विशाल चौधरी व कोतवाल प्रवीण कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। शव से कुछ दूर बाजरे के खेत में युवक की चप्पल व खून पड़ा मिला। गर्दन पर लगे चोट के निशान थे। पुलिस को आशंका है कि धारदार हथियार से वार करने के साथ गोली मारकर हत्या की गई है। शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया। मृतक के पिता ने गांव के ही शेरा, अनिल व साबू पुत्रगण रामकिशोर और गांव भीलुपर निवासी विकास पुत्र विजय सिंह पर बेटे को घर से बुलाकर ले जाने और हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया है।
दो साल पहले पूनम के साथ हुई थी शादी
पिंकू दो भाई एक बहन हैं। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। दो वर्ष पहले ही पूनम से शादी हुई थी। उसके एक वर्ष की बच्ची कनक है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिंकू सीधा-सीधा था। उसका किसी से कोई विवाद नहीं था।
- आरोपी विकास और शेरा को पकड़ लिया गया है। शेरा मृतक के परिवार का है और उसका कुछ टशन चल रहा था। दूसरे आरोपी विकास का मृतक के परिवार की एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग है। -पलास बंसल, एसपी देहात।