विवाह की मंडप रस्म के प्रीतिभोज में शामिल होने गया युवक सड़क हादसे में घायल हो गया और रिश्तेदारी में पहुंचने के बाद उसकी मौत हो गई। जिससे दोनों परिवारों में मातम छा गया।
दादों थाना पुलिस के अनुसार थाना पालीमुकीमपुर के गांव चंदुआ गोवर्धनपुर निवासी रघुवीर (42) पुत्र रामफल बाइक से अपने ससुर के साढ़ू अनार सिंह के नाती के मंडप प्रीतिभोज में शामिल होने थाना दादों क्षेत्र के गांव हारनपुर कला जा रहे थे। 27 मई देर रात गांव कंचनपुर पुलिया के पास पहुंचते ही उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए। हारनपुर कला के लोगों ने उनका सांकरा के निजी चिकित्सक से उपचार कराया। उनको अपने साथ हारनपुर कला ले गए। वहीं शादी वाले घर पर ही वे सो गए। सुबह करीब 4 बजे महिलाओं ने उनको जगाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
निधन की जानकारी होते ही शादी वाले घर में मातम छा गया। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान लालू चौधरी सहित परिजन मौके पर पहुंच गए। थाना दादों के प्रभारी सुनील तोमर ने बताया कि तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक अपने पीछे पत्नी सहित दो बेटे व दो बेटियों को रोते बिलखते छोड़ गया है। मृतक की बेटी की शादी अगले महीने होनी थी।