अलीगढ़ में सुमेरा का छात्र जम्मू-कश्मीर से घूम कर लौट रहा था। जैसे ही वह गाजियाबाद पहुंचा तो रोड के एक तरफ कार लगाकर अपने बहन भाइयों से मिलने के लिए उतरा। उतरकर वह चलने लगा, तभी एक ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
सुमेरा के एक युवक की गाजियाबाद में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जाता है कि अनुराग (22) पुत्र राजकिशोर शर्मा निवासी सुमेरा आईआईएमटी अलीगढ़ में बीबीए अंतिम वर्ष का छात्र था। 13 जनवरी को वह अपने दोस्तों के साथ जम्मू कश्मीर घूमने गया था।
विज्ञापन
वहां से घूमकर वह 15 जनवरी शाम लगभग सात बजे गाजियाबाद पहुंचा तो रोड के एक तरफ कार लगाकर अपने बहन भाइयों से मिलने के लिए उतरा। उसने साथियों से कहा कि वहां उसके भाई-बहन रहते हैं, उनसे मिलकर आता हूं। जैसे ही वह उतरकर चलने लगा, तभी एक ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
उसके साथियों ने इसकी सूचना पिता राजकिशोर शर्मा को दी। सूचना पर राजकिशोर शर्मा व उनकी पत्नी मौके पर पहुंच गए। थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए गाजियाबाद भेजा।
विज्ञापन
अनुराग तीन भाई और एक बहन के बीच दूसरे नंबर का था। बड़ी बहन काजल (25) बीएससी करने के बाद दिल्ली में आईएएस की तैयारी कर रही है। दूसरा भाई तनु शर्मा (19) बीए में पढ़ रहा है। तीसरा विष्णु (17) कक्षा दस का छात्र है। जैसे ही मौत की सूचना गांव में आई तो मातम छा गया। बृहस्पतिवार शाम लगभग चार बजे उसका शव जैसे ही गांव में आया लोगों का रोना बिलखना शुरू हो गया। उसका अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वह दशहरा पर काली की भूमिका अदा करता था।