गांव सिंधौली खुर्द निवासी 36 वर्षीय दिनेश कुमार पुत्र नेत्रपाल सिंह की 24 जनवरी की सुबह सात बजे संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार वाले शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए, तभी कासगंज से पहुंची मृतक की दूसरी पत्नी ने अपने ससुराल वालों पर पति की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को बुला लिया। थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
दिनेश कुमार की शादी 14 वर्ष पूर्व रीना यादव के साथ हुई थी। रीना यादव से दो लड़के हैं, जो गांव में अपनी मां और दादा के साथ रह रहे हैं। वहीं 10 वर्ष पहले थाना कासगंज क्षेत्र के गांव नरौली निवासी स्नेहलता से दिनेश कुमार ने दूसरी शादी कर ली थी। स्नेहलता से भी दो बच्चे हैं जो अपनी मां के साथ कासगंज में रहते हैं।
बताते हैं कि दिनेश कुमार आठ माह से बीमार थे और गांव में ही 24 जनवरी को उनका निधन हो गया। थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार मलिक के अनुसार कंट्रोल रूम से मिली सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।