युवक की संदिग्ध हालात में मौत
पत्नी से चल रहा था विवाद, जहर खाने की आशंका
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
सासनी।क्षेत्र के गांव लहौर्रा बंबा की पटरी पर पड़े एक युवक को कोतवाली पुलिस ने बुधवार की रात को ग्रामीणों के सहयोग से उपचार के लिए भिजवाया। हालत गंभीर होने के कारण युवक को उपचार के लिए अलीगढ़ भेजा गया, लेकिन देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हालांकि घटना की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। गांव नदौना निवासी 25 वर्षीय उपेंद्र पुत्र विनोद कुमार की शादी वर्ष 2018 में नगला सदा निवासी रमेश की पुत्री के साथ हुई थी। शादी के बाद घरेलू परिस्थितियों को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद पैदा हो गया। इस शिकायत की सुनवाई महिला थाना अलीगढ़ में चल रही है। बुधवार को सुनवाई करने के बाद उपेंद्र लौटकर सासनी आया और उसने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी आंखों की रोशनी चली गई। बुधवार की देर रात उपेंद्र लहौर्रा बंबे पर अचेत हालत में मिला।
पुलिस एवं परिजन मौके पर आ गए। पुलिस ने परिजनों के सहयोग से उपेंद्र को स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल कराया। वहां से अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। देर रात उपचार के दौरान उपेंद्र की मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एएसआई शांतिशरण यादव का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।