अनूपशहर रोड के छेरत स्थित पृथ्वीराज हॉस्पिटल संचालक डॉ. मलखान सिंह व उनके बेटे डॉ. शोभित सेंगर पर न्यायालय ने मुकदमे के आदेश दिए हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए अधिवक्ता शैलेश रावत व प्रतीक चौधरी ने संयुक्त रूप से बताया कि 21 दिसंबर 2021 को कलुपुरा के संजय ने पृथ्वीराज हॉस्पिटल में डॉ. मलखान सिंह से बुखार की दवा ली। 23 दिसम्बर 2021 को प्लेटलेट्स कम होने के कारण वहां भर्ती कर लिया।
इसके बाद डॉक्टर ने संजय के परिवार से प्लेटलेट्स (खून) चढ़ाने के रुपये लिए और अपने पास से ही खून चढ़ा दिया। आरोप है कि इस दौरान संजय के खून की जांच तक नहीं की गई। इसके बाद संजय के मुंह से खून आना शुरू हो गया। यह देख यहां से संजय को अन्य अस्पताल रेफर कर दिया। जहां जांच में पाया कि इसे गलत खून चढ़ाया गया है। जिससे इसकी किडनी व लीवर पर असर पड़ा है। फिर उसे एक अन्य अस्पताल में दिखा गया। वहां 24 दिसंबर को संजय की मौत हो गई।
इस पर परिवार के मांगने पर भी डॉ. मलखान सिंह व डॉ. शोभित सेंगर ने कोई कागज नहीं दिया। इसके बाद डीएम से शिकायत की गई। जिसकी जांच एसीएमओ स्तर से की गई। जहां जांच में 10 यूनिट ब्लड बिना रिकॉर्ड के मिला। इस मामले में पुलिस को तहरीर दी गई। मगर मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। इस पर मृत संजय के भाई पंकज चौहान की ओर से न्यायालय में याचिका दायर की गई। अधिवक्त द्वय के अनुसार जेएम प्रथम शिवांक सिंह की ओर से डॉ. मलखान सिंह व डॉ. शोभित सेंगर आदि पर मुकदमे का निर्देश जवां पुलिस को दिया है।