रविवार को मध्यरात्रि के बाद करीब तीन बजे महानगर के बन्नादेवी क्षेत्र में जीटी रोड पर रसलगंज स्थित एक प्राचीन मंदिर में घुसकर गैर समुदाय के युवक ने छेनी व हथौड़े से देवी-देवताओं की कई प्रतिमाएं खंडित कर दीं। इसी बीच मंदिर के पुजारी की नींद टूटी तो उन्होंने पुलिस बुला ली। लैपर्ड के जवानों ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को दबोच लिया। सुबह खबर पर पूर्व मेयर सहित भाजपा व संघ के नेता भी पहुंच गए। उन्होंने इस घटना को साजिश करार देते हुए हंगामा किया। फिलहाल पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेजने की तैयारी कर ली है। फौरी जांच में पुलिस आरोपी को मानसिक रूप से अस्वस्थ बता रही है।
घटनाक्रम के अनुसार सोमवार को तड़के पहर करीब तीन बजे रसलगंज कठपुला के पास स्थित प्राचीन मंदिर से खटपट की आवाजों पर पुजारी अंबिका प्रसाद उपाध्याय की नींद टूट गई। इसी दौरान वहां से निकल रहे होमगार्ड का भी ध्यान गया तो दोनों ने मंदिर में एक युवक को छेनी-हथौड़ों से मूर्तियों को खंडित करते हुए दबोच लिया। सूचना पर चौकी से लैपर्ड के जवान पहुंच गए। वह आरोपी को पकड़कर थाने ले गए। सोमवार की सुबह होते ही खबर फैली तो मंदिर में लोगों की भीड़ जुट गई। पूर्व मेयर शकुंतला भारती, मानव महाजन, पुष्पेंद्र सिंह जादौन आदि अनेक भाजपा नेता भी पहुंच गए। उन्होंने आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए थाने में हंगामा किया। बाद में मंदिर पुजारी व पूर्व मेयर की ओर से संयुक्त तहरीर पर आरोपी 28 वर्षीय मो. आजाद मुज्जमिल निवासी मंजिल पानवाली कोठी सिविल लाइंस, मूल निवासी मियाचक रसूलाबाद थाना सिमरी बखत्यारपुर सहरसा बिहार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई। वहीं मंगलवार को नई प्रतिमाएं स्थापित कराए जाने की बात तय हुई है।
आरोप : साजिश के तहत एक गैंग कर रहा यह काम
इस घटना पर पूर्व मेयर शंकुतला भारती, मानव महाजन, हिंदू जागरण मंच के पुष्पेंद्र सिंह जादौन, बजरंग बल के गौरव शर्मा, युवा नेता विशाल देशभक्त आदि ने बयान जारी किया है। सामूहिक रूप से सभी का कहना है कि यह एक गैंग साजिश के तहत काम कर रहा है। दो दिन पहले इसी तरह गांधीपार्क पर हनुमान प्रतिमा छेनी-हथौड़े से क्षतिग्रस्त की गई। पुलिस आरोपी को मानसिक अस्वस्थ करार दे रही है, यह गलत है। आरोपी किसी के इशारे पर काम कर रहा है। जांच में इस पर पुलिस को काम करना चाहिए, ताकि सच उजागर हो सके। पूर्व मेयर ने कहा कि आरोपी से बात नहीं करने दी गई। वह स्वीकार रहा है कि किसी तारिक नाम के व्यक्ति के कहने पर उसने इस घटना को अंजाम दिया है।
बिहार का है रहने वाला, पूरा परिवार करता है मजदूरी
मंदिर में देव प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त करते समय पकड़े गए युवक के विषय में पुलिस जांच में उजागर हुआ है कि युवक के पिता बिहार में चौकीदारी करते हैं। मां घरों में काम करती हैं। छोटा भाई बाइक रिपेयरिंग करता है। यहां उसका एक भाई सुल्तान रहता है जो राजमिस्त्री है। बहन-बहनोई भी यहीं रहते हैं। वह भी मजदूरी करते हैं। आरोपी एक फैक्टरी में काम करता है। उसने मदरसे में शिक्षा ग्रहण की है। पहले भी एक मजार में घुसकर इसी तरह की हरकत में वह पकड़ा गया था। उस समय भी उसे पीट कर भगा दिया गया था। अब तक की जांच में उसका किसी संगठन या राजनीतिक दल से ताल्लुक सामने नहीं आया है।
-----------
ये प्रतिमाएं की गईं क्षतिग्रस्त
मां सरस्वती, बजरंग बली, मां काली, भैरो बाबा, मां दुर्गा, शिव परिवार, राधाकृष्ण, मां गंगा, मां संतोषी, मां केला देवी, राम दरबार, शनि देव, नवग्रह, साईं प्रतिमा आदि।
-रसलगंज मंदिर में मध्यरात्रि के बाद एक युवक ने घुसकर देव प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त किया है। पुलिस की सजगता से उसे रात में ही दबोच लिया गया है। उसने जो नाम-पता बताया है, उसका सत्यापन कराया जा रहा है। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
- कलानिधि नैथानी, एसएसपी।