एक मोची चाय पीने के लिए दुकान पर गया। रोडवेज बस ने युवक में टक्कर मार दी। युवक की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने जाम लगा दिया। बस पर पथराव कर शीशा तोड़ दिया। गुस्साए परिजनों को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। पत्नी की ओर से थाने में बस के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
अलीगढ़ में बन्नादेवी क्षेत्र के सारसौल-बरौला बाईपास रोड पर रोडवेज वर्कशॉप के बाहर वातानुकूलित (एसी) बस की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया। बस पर पथराव कर शीशा तोड़ दिया। मृतक की पत्नी को नौकरी एवं मुआवजे की मांग को लेकर काफी देर तक हंगामा होता रहा। घटनास्थल पर कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे अफसरों ने गुस्साए परिजनों को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। पत्नी की ओर से थाने में बस के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
विज्ञापन
बन्नादेवी क्षेत्र के नगला कलार के गली नंबर दो निवासी 28 वर्षीय सोनू इलाके में ही मोची का काम करता था। सोनू दोपहर करीब 12 बजे सड़क पार कर बरौला बाईपास पर रोडवेज वर्कशॉप के पास दुकान पर चाय पीने गया था। तभी वर्कशॉप से निकल रही अलीगढ़ डिपो की एसी बस ने सोनू को टक्कर मार दी। मौके पर ही सोनू की मौत हो गई। चालक बस को छोड़कर भाग गया।
विज्ञापन
हादसे की खबर पर सोनू के परिजन व ग्रामीण आ गए। गुस्साए लोगों ने बरौला-सारसौल रोड पर जाम लगा दिया। फिर शव को ले जाकर वर्कशॉप के गेट के बाहर रख दिया। लोग मृतक की पत्नी को नौकरी, मुआवजा देने की मांग पर अड़ गए। हंगामे को देखकर रोडवेज कर्मियों ने वर्कशॉप का गेट अंदर से बंद लिया। खबर पर बन्नादेवी, गांधीपार्क व लोधा थाने की पुलिस पहुंच गई। सीओ बन्नादेवी राकेश सिसौदिया आदि अफसरों ने गुस्साए लोगों को समझाया। काफी प्रयास के बाद करीब डेढ़ घंटे बाद कार्रवाई के आश्वासन पर लोग माने। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। सीओ राकेश सिसौदिया ने बताया कि पत्नी पूजा देवी की ओर से रोडवेज बस के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
घर में अकेला कमाने वाला था सोनू
सोनू के दो बच्चे हैं। बड़ा बेटा तीन साल का एवं छोटी बेटी करीब नौ माह की है। जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। हादसे के बाद पत्नी पूजा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। सोनू पर ही घर की जिम्मेदारी थी। पिता की काफी समय पहले मृत्यु हो चुकी है।