अतरौली के गांव नौअरी भोजपुर में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक खेत पर मक्का-बाजरा की करब की कुट्टी काटते समय चलती थ्रेसर मशीन की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
गांव निवासी विवेक पुत्र जालिम सिंह शुक्रवार शाम ट्रैक्टर-थ्रेसर लेकर खेत पर कुट्टी काटने गया था। परिजनों के अनुसार रात करीब साढ़े नौ बजे वह मशीन में कुट्टी डाल रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह थ्रेसर की चपेट में आ गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और मशीन बंद कर उसे बाहर निकाला। हादसे में विवेक के दोनों पैर और हाथ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।
परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौली ले गए। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। देर रात करीब 11 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंचे। कोतवाली प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।