तालानगरी पुलिस चौकी के गांव शेरगढ़ में 16 जून सुबह एक युवक मृत मिला। बताते हैं कि रात में वह शराब पीकर सोया था। परिवार वालों ने शराब के जहरीला होने की आशंका जताते हुए शराब ठेके पर हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें शांत कराने के साथ शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बताते हैं कि शेरगढ़ गांव निवासी 26 वर्षीय बंटी पुत्र विजेंद्र शराब पीने का आदी था। परिवार वालों के अनुसार 15 जून की रात गांव के निकट देसी शराब के ठेके से शराब खरीद कर पीने के बाद सोया था। रविवार की सुबह वह मृत मिला। इससे नाराज परिजन सहित ग्रामीणों ने शराब में जहरीला पदार्थ होने की आशंका जताते हुए ठेका हटाने की मांग की और हंगामा शुरू कर दिया था।
बंटी छह भाइयों में तीसरे नंबर पर था। वह अपने पीछे दो मासूम बेटियों व पत्नी सहित माता-पिता को रोता छोड़ गया है। प्रभारी थानाध्यक्ष इफ्तखार अली ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। जांच के लिए बिसरा सुरक्षित किया गया है।