गांव हृदय नगरिया की मढ़ी निवासी 30 वर्षीय राहुल की सर्पदंश से मौत हो गई। वह मंगलवार शाम खेत पर गया था और रात में खेत के पास बने आश्रम की झोपड़ी में सो गया। बुधवार सुबह उसका शव झोपड़ी में पड़ा मिला।
गांव निवासी विनोद कुमार ने बताया कि तीन भाइयों में सबसे छोटा राहुल दो बेटों और दो बेटियों का पिता था। वह निजी स्कूल में वाहन चालक के साथ खेती-बाड़ी का काम भी करता था। मंगलवार शाम वह रोजाना की तरह घर से खेतों की ओर गया था। रात में खेत के पास स्थित आश्रम की झोपड़ी में सो गया। बुधवार सुबह परिजनों को राहुल के झोपड़ी में मृत पड़े होने की सूचना मिली।
परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे शहर के चिकित्सक के पास ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने आशंका जताई कि रात में सोते समय राहुल को सांप ने डस लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी मोनू कुमार आर्य ने बताया कि सर्पदंश से युवक की मौत की सूचना मिली थी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।