थाना क्षेत्र में कासिमपुर रोड पर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत के बाद भड़की भीड़ ने रामघाट रोड पर जमकर उपद्रव किया।
मृतक के परिजनों को मुआवजे की मांग पर जाम लगाए पब्लिक को जब पुलिस ने हटाने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस वैन में तोड़फोड़ कर आग लगाते हुए सीओ की जीप सहित कई निजी वाहनों व रोडवेज बस में तोड़फोड़ कर दी। जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
लोगों को खदेड़ने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। साथ ही कुछ उत्पातियों को हिरासत में लिया। पथराव में सीओ, एसओ समेत कई पुलिस कर्मी भी जख्मी हुए हैं।
थाना क्षेत्र के गांव जारौठी निवासी तालेवर का बड़ा बेटा दीपचंद्र (24) बाहर नौकरी करता है। बृहस्पतिवार को वह गांव आ रहा था। उसने अपने छोटे भाई मुकेश को हरदुआगंज बाइक लेकर आने की सूचना दी।
दुपहर करीब 2 बजे मुकेश अपने ताऊ के बेटे कालीचरन के साथ दीपचंद्र को लेने हरदुआगंज पहुंच गया। यहां से तीनों बाइक पर गांव जाने लगे। बाइक दीपचंद्र चला रहा था। तभी रास्ते में उनकी बाइक सामने से आते एफसीआई के ट्रक की चपेट में आ गई।