युवकों की पिटाई से घायल रोबिन।
- फोटो : Samvad
धान की पौध लेने जलाली गए भूडाकिशन गढ़ी के एक युवक को कुछ लोगों ने रास्ते में रोक लिया और सरेशाम जमकर पीटा, जिसमें उसका सिर फट गया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित की तहरीर पर दो नामजद समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
गांधीपार्क थाना क्षेत्र के गांव भूड़ा किशनगढ़ी गांव निवासी रोबिन पुत्र देवराज सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम छह बजे वह जलाली में अपनी बहन के घर से धान की पौध लेने जा रहा था। रास्ते में एसके इंटर कॉलेज के पास चार लोगों ने उसे रोक लिया और लाठी-डंडों से पीटा। आरोप है कि मुकुल ने तमंचे की बट से उसका सिर फोड़ दिया। इस दौरान सड़क पर यातायात अवरुद्ध हो गया। लोगों ने घटना की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकुल निवासी खानगढ़ी थाना महुआखेड़ा व कपिल समेत दो अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।