परिजन युवती की शादी की कर रहे थे तैयारी
पुलिस जांच व पूछताछ में युवती के पिता ने बताया कि वह कुछ समय से बेटी की शादी की तैयारी कर रहे थे और उसके लिए रिश्ता भी देख लिया था। इसी बात की जानकारी युवक को होने के बाद दोनों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद यह घटना सामने आई। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक जब युवती को फुसलाकर ले गया तो उसने साथ जाने की जिद की होगी। या फिर युवती पर किसी तरह का दबाव बनाया होगा। उसके विरोध पर युवक ने पहले उसकी हत्या कर दी। फिर खुद जान दे दी। मृत युवती सात भाई-बहनों में सबसे छोटी और परिवार की लाडली थी। परिजनों के अनुसार सभी उससे बेहद स्नेह करते थे, लेकिन उसकी इस तरह हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मुंह में ठुंसा मिला कपड़ा, दुष्कर्म का अंदेशा
पुलिस जब सुबह युवती का शव मिलने की सूचना पर पहुंची तो उसका शव अर्द्धनग्न अवस्था में पड़ा था। उसका पहना हुआ कपड़ा ही मुंह में ठुंसा हुआ था। इधर, पैनल के जरिये जब पोस्टमार्टम कराया गया तो उसमें अंदेशा जाहिर किया गया कि युवती के साथ युवक के द्वारा दुष्कर्म किया गया है। इसी अंदेशे के चलते स्लाइड सुरक्षित रखी गई है। वहीं रस्सी से गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। साथ में उसके चेहरे पर खरोंच व हुज्जत से आने वाली चोटों के निशान हैं, जो ये बात जाहिर कर रहे हैं कि युवती ने इस सबका विरोध किया होगा। इसी से चोटें आई हैं।
युवक ने किया था वीडियो वायरल
युवक ने खुदकुशी से पहले एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था और फोन पर अपने भाई से बात करते हुए कहा कि उसने लड़की का खेल कर दिया है, अब जान दे रहा है। पुलिस जांच में युवक और युवती के बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि दोनों काफी समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे।
युवती के पिता की तहरीर पर पहले ही रिपोर्ट दर्ज की गई थी। युवक का शव शुक्रवार को रेलवे ट्रैक पर मिला था, जबकि युवती का शव शनिवार सुबह खंडहर मकान में मिला है। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम में दुष्कर्म के अंदेशे व हत्या की पुष्टि हुई है। चूंकि आरोपी युवक ने आत्महत्या कर ली। इसलिए बाकी पहलुओं पर जांच की जा रही है। उसके साथ अन्य कोई शामिल था या नहीं। ये जांच में उजागर होगा।- कमलेश कुमार, क्षेत्राधिकारी।