सड़क सुरक्षा समिति में नाराज होते डीएम इंद्र विक्रम सिंह
- फोटो : अमर उजाला
सड़क हादसों के लिए बदनाम प्रदेश के दस जिलों में अलीगढ़ के भी शुमार होने पर डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने शुक्रवार को अधीनस्थ अफसरों की जमकर खिंचाई की। उन्होंने सड़क सुरक्षा समिति की पिछली बैठकों की शिकायतों का अब तक समाधान न होने पर कहा कि जब हम लोगों की जान नहीं बचा पा रहे हैं तो इस अभियान को बंद कर देना चाहिए। एनएचएआई के परियोजना प्रबंधक प्रमोद कुमार कौशिक ने बताया कि जल्द ही खेरेश्वर एवं टमकौली पर ऊपरगामी सेतु की स्वीकृति प्राप्त होने की संभावना है।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम ने कहा कि हालिया आंकड़े दर्शाते हैं कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी नहीं आ रही है। इसलिए जो दिशा-निर्देश दिए जाते हैं उन पर सख्ती से अमल कराएं। दुर्घटनाओं के कारणों को सूचीबद्ध कर माह के अंत में पुनः बैठक की जाए। डीएम ने एनएचएआई से जुड़े अफसरों को निर्देशित किया कि हाईवे के अवैध कट तत्काल बंद कराया जाए। बेतरतीब ढ़ंग से लगे होर्डिंग्स भी हटाए जाएं।
अलीगढ़-मुरादाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर 15वें किलोमीटर पर जवां कस्बे से पहले दोनों तरफ के मोड़ का कोण 90 डिग्री होने से दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ी है। इसके लिए मौके पर जाकर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट ने कहा कि एटा रोड बौनेर तिराहे पर ढ़ाबों एवं अन्य अतिक्रमण से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। अतिक्रमण हटाया जाए। गड्ढ़ों को भरा जाए। नगर निगम को निर्देशित किया गया कि एबीडी एरिया में बनाए जा रहे फुटपाथ पर अतिक्रमण न होने दिया जाए।
बैठक में आरटीओ प्रवर्तन वंदना सिंह, एआरटीओ प्रशासन प्रवेश यादव, आरएम रोडवेज सत्येंद्र वर्मा, अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी संजीव पुष्कर, समाजसेवी अरूण श्रीवास्तव के अलावा पुलिस, प्रशासनिक एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।