एएमयू स्टूडेंट अयुबा से वीडियो कॉल पर बात करते चतुर रामलिंगम (ओमी वैद्य)।
- फोटो : social media
मैं 3 इडियट्स फिल्म में यूगांडा से था और तुम नाइजीरिया से हो। एएमयू में तुमने ‘चतुर’ की स्पीच की तरह भाषण दिया। ये बातचीत फिल्म अभिनेता ओमी वैद्य और एएमयू के छात्र अयूबा की है। हाल ही में अयूबा का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें उनके हिंदी भाषण ने सबको चौंका दिया था।
28 अप्रैल को उन्होंने एएमयू परिसर में फिल्म 3 इडियट्स के चतुर रामलिंगम के अंदाज में भाषण दिया जिसे सुनकर छात्र हंसते-हंसते लोटपोट हो गए थे। अब यह वीडियो फिल्म 3 इडियट्स में ‘चतुर रामलिंगम’ का किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य तक पहुंची। इसके बाद ओमी वैद्य ने अयूबा को वीडियोकॉल किया। इस बातचीत को उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर भी किया।
बातचीत के दौरान ओमी वैद्य ने अयूबा की तारीफ की और पूछा कि क्या तुम योरूबा बोलते हो? ये सुन अयूबा हैरान हुए। उन्होंने पूछा कि जी हां, योरूबा वहां की भाषाओं में से एक है सर। मुझे हैरानी है कि आपको इसके बारे में पता है। इस पर ओमी वैद्य ने कहा, मेरे कई नाइजीरियन दोस्त हैं और फिल्म में मैं खुद युगांडा से था। अयूबा ने बताया कि उनका चुनाव कोई गंभीर चुनाव नहीं था, बल्कि छात्रों को खुश करने के लिए मजाकिया अंदाज में कई वादे किए गए थे।
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के नदीम तरीन हॉल में 28 अप्रैल की देर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम था। इसमें छात्र अयूबा ने फिल्म ''3 इडियट्स'' के ‘चतुर रामलिंगम’ के अंदाज में भाषण दिया। नाटकीय अंदाज में छात्र संघ चुनाव और खुद को सेक्रेटरी पद का दावेदार बताते हुए अयूब ने रोमन हिंदी में कहा, ''यहां बहुत गर्मी है, इसलिए मैं सबको एसी दूंगा। एनेक्सी में 5 एससी लगाऊंगा और स्विमिंग पूल भी बनवाऊंगा। आने जाने के लिए मेट्रो तक दूंगा।''