सर्दियों में घने कोहरे और धुंध के कारण होने वाले हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति सीमा मंगलवार आधी रात से घटा दी गई है। हल्के वाहनों की अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा वाले वाहन अब 75 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ही चलने लगे हैं।
नोएडा से आगरा तक करीब 165 किलोमीटर लंबे यमुना एक्सप्रेसवे का लगभग 18 किलोमीटर का हिस्सा अलीगढ़ के टप्पल क्षेत्र से होकर गुजरता है। सर्दियों के मौसम में टप्पल इंटरचेंज और इसके आसपास के क्षेत्र में कोहरे व धुंध के कारण दृश्यता काफी कम हो जाती है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।
इसके चलते यमुना एक्सप्रेसवे से आने-जाने वाले वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। एक्सप्रेसवे प्रबंधन की ओर से अन्य क्षेत्रों के साथ अलीगढ़ के इस पूरे दायरे में भी नई गति सीमा के साइन बोर्ड लगाए जा रहे हैं और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कैमरों व इंटरसेप्टर के जरिये नजर रखी जा रही है।
सुरक्षा इंफ्रा एंड डेवलपर्स लिमिटेड के सहायक महाप्रबंधक जेके शर्मा ने बताया कि यीडा के महाप्रबंधक (परियोजना) की ओर से सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्व में यह व्यवस्था 15 दिसंबर से लागू होती थी, लेकिन इस वर्ष समय से पहले कोहरा शुरू होने के कारण 25 नवंबर से ही गति सीमा कम करने का निर्णय लिया गया है।
सुरक्षा के लिए किए जा रहे ये इंतजाम
- एक्सप्रेसवे के सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर फॉग लाइटें लगाई जा रही हैं। जहां रिफ्लेक्टिव टेप की चमक कम हो गई है, वहां नए टेप लगाए जा रहे हैं।
- टोल प्लाजा, एंट्री-एग्जिट पॉइंट और रोड साइड फैसिलिटीज पर वाहन चालकों को कोहरे में सुरक्षित ड्राइविंग से जुड़े पंफलेट बांटे जाएंगे और बड़े डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे।
- सभी टोल प्लाजा पर पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम के माध्यम से लगातार उद्घोषणा की जाएगी। रेडियो एफएम पर भी कोहरे के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों का प्रसारण कराया जाएगा।
- शनिवार, रविवार और अवकाश के दिनों में वाहनों का दबाव अधिक रहने के कारण टोल बूथों पर जाम लगने से रोकने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती और प्रभावी व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं।