नोएडा डिपो और ग्रेटर नोएडा डिपो की लगभग 25 बसों का संचालन 29 मार्च से बंद हो रहा है। अब ये बसें यमुना एक्सप्रेस वे के रास्ते से अलीगढ़ नहीं आएंगी। हालांकि अलीगढ़ डिपो की बसों का संचालन इसी रास्ते से होता रहेगा। पिछले दिनों प्राइवेट बस एसो. की शिकायत पर नोएडा के एआरटीओ ने नोएडा डिपो की बसों को आगे से इस रूट का परमिट न देने का निर्णय लिया था। जिसके कारण 29 मार्च से नोएडा डिपो की 25 बसों का संचालन बंद हो जाएगा।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा डिपो की बसों की आवाजाही बंद होने से मुसाफिरों की भीड़ अलीगढ़ डिपो की बसों में बढ़ जाएगी। जिससे मुसाफिरों को आने जाने में दिक्कत होगी। रोडवेज अफसरों की मानें तो अलीगढ़ परिक्षेत्र की रोडवेज बसों पर अलीगढ़-नोएडा वाया यमुना एक्सप्रेस वे के वैद्य परमिट हैं, जिसके कारण इनका संचालन बंद नहीं हो सकता है। नोएडा डिपो के संचालक बुलंदशहर दादरी नोएडा रूट से बसें चला सकते हैं।
अलीगढ़-नोएडा बाया यमुना एक्सप्रेस वे
135 किलोमीटर लंबे रूट पर साधारण बस का किराया करीब 128 रुपये है, जिसमें करीब 10 रुपये टोल टैक्स भी हर टिकट में शामिल है। जबकि ऐसी बस का किराया इस रूट पर 182 रुपये है।
अलीगढ़-नोएडा बाया दादरी-बुलंदशहर
विकल्प के तौर पर दादरी वाला रूट रोडवेज के पास है। इस रूट पर बसों के संचालन होने पर यात्रियों के किराए में 6 रुपये की बढ़ोत्तरी हो सकती है। इस रास्ते पर लगभग 145 किमी का सफर तय करना होगा।