गभाना सीएचसी पर होता एक्सरे। स्रोत :स्वास्थ्य विभाग
गभाना। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में पिछले चार माह से खराब पड़ी एक्स-रे मशीन को ठीक करा दिया गया है। मशीन के दोबारा चालू होने से क्षेत्र के मरीजों को बड़ी राहत मिली है। अब उन्हें एक्स-रे कराने के लिए निजी अस्पतालों और लैब के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
दरअसल, सीएचसी में एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध थी, लेकिन मशीन खराब होने के कारण मरीजों को पिछले चार महीने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मजबूरी में उन्हें निजी लैब में जाकर एक्स-रे कराना पड़ता था, जिसके चलते उनकी जेब पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा था।
मरीजों की समस्या को देखते हुए इसे ठीक करवा दिया है। अब जरूरतमंद मरीज सीएचसी में ही एक्स-रे की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आकांक्षा कनौजिया ने बताया कि एक्स-रे मशीन को ठीक करा लिया गया है। अब मरीजों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।