नगर निगम के विशेष अधिवेशन में छह कार्यकारिणी सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन किया गया। इसमें भाजपा के तीन, सपा के दो एवं बसपा के एक सदस्य हैं। अधिकारियों की कार्यप्रणाली से नाराज महापौर ने उनको आड़े हाथ लिया और यहां तक कह दिया कि आचार संहिता लागू होने से पहले कार्य प्रारंभ हो जाने चाहिए अन्यथा उनके कपड़े फाड़ देंगे। ठेकेदारों के भुगतान को लेकर सदन में खूब हंगामा हुआ। कर्मचारी पार्षद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सदन में पहुंच गए।
महापौर मो. फुरकान सदन में अपने शांत एवं सौम्य व्यवहार के लिए जाने जाते हैं। आज वह अधिकारियों पर भड़क गए। उन्होंने कहा कि नगर निगम के बड़े अधिकारी पार्षदों के फोन नहीं उठाते है। किसी के बहकावे में नहीं आए। अगली बोर्ड की बैठक में आप लोगों से जुबानी हिसाब लेना है। उन्होंने कहा कि आचार संहिता लागू होने से पहले कागजी कार्यवाही पूरी करते हुए कार्य शुरू हो जाने चाहिए। शहर का यह हक बनता है। काम नहीं होने पर आपको पकड़ेंगे और कपड़े फाड़ेंगे। यह मेरा एवं मेरे पार्षदों का शहर है। जब सरकार पैसे दे रही है तो काम क्यों नहीं होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शहर के विकास के लिए पैसे दे रहे हैं। अधिकारियों के पास 250-300 फाइलें पड़ी हैं। आचार संहिता लगने पर पैसे वापस चले जाएंगे। ठेकेदारों के पैसे काट कर भुगतान कर रहे हैं। जब उन्होंने काम किया है तो उनको भुगतान मिलना चाहिए। इस दौरान पार्षद पुष्पेंद्र सिंह जादौन ने ठेकेदारों की लापरवाही एवं अधिकारियों से मिलीभगत कर भुगतान लेने का मुद्दा उठाया। इसको लेकर सदन में खूब शोरशराबा हुआ। लाखों रुपये की लागत से लगाई गई टैक्स मशीन का उपयोग नहीं होने पर पार्षदों ने नाराजगी जाहिर की।
भाजपा के तीन, सपा के दो एवं बसपा के एक सदस्य निर्वाचित
नगर निगम के कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र कुमार, संजय शर्मा, रंजीत चौधरी, शेर सिंह सैनी, नईम अख्तर एवं हरिओम अग्रवाल का दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर नगर निगम के जवाहर भवन में आयोजित विशेष अधिवेशन में नए सदस्यों का चुनाव किया गया। नव निर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों में पार्षद अनिल सेंगर, लतेश चौधरी, प्रीति शर्मा, हुमैरा अफजाल, फिरोज खान एवं माशाल्लाह शामिल हैं। इसमें अनिल सेंगर, लतेश चौधरी एवं प्रीति शर्मा भाजपा के पार्षद हैं। जबकि हुमैरा अफजाल एवं फिरोज खान सपा तथा माशाल्लाह बसपा के पार्षद हैं। महापौर मो. फुरकान, उपसभापति डॉ. मुकेश शर्मा, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, उप नगर आयुक्त राजकिशोर प्रसाद, सहायक नगर आयुक्त ठाकुर प्रसाद एवं निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार भाटी सहित बोर्ड के पार्षदों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवनिर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।
इज्जत के भूखे हैं पार्षद
महापौर मो. फुरकान ने पार्षदों की जमकर तारीफ की। उन्होंने पार्षदों को सैनिटाइजर एवं मास्क उपलब्ध कराने का निर्देश अधिकारियों को दिया। कहा कि मुझे बहुत अच्छे पार्षद मिले हैं। इनको हम क्या देते हैं। इज्जत के भूखे हैं। नगर आयुक्त इनका फोन नहीं उठाते।
पार्षद के खिलाफ नारेबाजी
कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष रॉबिन केला एवं महामंत्री विजय गुप्ता कर्मचारियों के साथ पार्षद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सदन में पहुंचे। उनका कहना था कि पार्षद पूरन सिंह दिवाकर बुधवार की रात में कई लोगों के साथ स्टोर पर लकड़ी (अलाव) के लिए पहुंचे थे। कर्मचारी को धमका रहे थे। नगर आयुक्त एवं अपर नगर आयुक्त को गाली दी। इसे कर्मचारी बर्दाश्त नहीं करेंगे। संघ के नेता पार्षद को बर्खास्त करने की मांग कर रहे थे। इसी बीच नवनिर्वाचित कार्यकारिणी सदस्य अनिल सेंगर बीच में कूद गए। उनका कहना था कि लकड़ी लेकर पार्षद क्या करेगा। वह जनहित में गया होगा। अभी वह नहीं हैं, बिना उनसे बातचीत किए कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त ने कहा कि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगना चाहिए। महापौर के समझाने के बाद कर्मचारी वापस गए।
पहले ही तय कर दिए गए थे भाजपा पार्षदों के नाम
नगर निगम के विशेष अधिवेशन में आने के पहले ही कार्यकारिणी के लिए भाजपा पार्षदों का नाम तय कर दिया गया था। बारहद्वारी स्थित भाजपा कार्यालय में महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत की अध्यक्षता में पार्षदों की बैठक हुई थी। उसमें अनिल सेंगर, लतेश चौधरी एवं प्रीति शर्मा का नाम तय कर दिया गया था।
शुभकामनाएं देने पहुंचे सपा जिलाध्यक्ष
नगर निगम के कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित सपा पार्षद हुमैरा अफजाल एवं फिरोज खान को शुभकामनाएं देने सपा के जिलाध्यक्ष गिरीश यादव जवाहर भवन पहुंचे। माला पहनाकर कार्यकारिणी सदस्य बने पार्षदों का अभिनंदन किया।
नगर निगम जवाहर भवन में आयोजित विशेष अधिवेशन में चयनित कार्यकारिणी समिति सदस्य। - फोटो : CITY OFFICE